गुड़गांव। खंड के गांव बोड़ी-कोठी मोहम्मद बास के बीच जबरन कार रुकवाकर गाड़ी का शीशा तोड़कर एक व्यक्ति का अपहरण कर लिया। भतीजे की शिकायत पर पुलिस ने व्यक्ति को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त कराया।
पुलिस को दी शिकायत में हकमुद्दीन ने बताया कि 5 वर्ष पहले ढांडोला गांव के दो युवकों का गांव बघोला की युवतियों से निकाह हुआ था। निकाह के बाद दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर अनबन हो गई, जिसका मामला कोर्ट में विचाराधीन है। लेकिन बिरादरी स्तर पर जब इस बात को निपटाने व लड़कियों को ले जाने की बात पर पंचायत बुलाई गई। पंचायत में अंत तक जब कोई फैसला नहीं निकला, तो वर पक्ष के लोग एक गाड़ी में शाम 7 बजे फिरोजपुर झिरका से निकले, तो वधू पक्ष के दो दर्जन लोगों ने गांव बोड़ी-कोठी मोहम्मद बास के बीच जबरन कार को रुकवाया और गाड़ी का शीशा तोड़कर वर के पिता दिलावर को अपहरण कर अपने साथ ले गए। रात्रि को पुलिस में उसके भतीजे की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपहृत व्यक्ति को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त कराया। पुलिस ने दिलावर को मुक्त कराकर अपने साथ ले आई। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि मामला अदालत में विचाराधीन है। फिलहाल दोनों पक्षों का बिरादरी स्तर पर फैसला हो रहा है। अगर बात बनती है तो ठीक है, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी।