पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उससे दो डीएल बरामद किए। एक डीएल सही पाया गया, जबकि दूसरे को जांच के लिए यूपी अथॉरिटी के पास भेज दिया है। आरोपी को कोर्ट से जमानत भी मिल गई। यूपी के गाजियाबाद निवासी 25 वर्षीय युवती गुड़गांव की एमएनसी में एग्जिक्यूटिव है। युवती ने अपनी शिकायत में बताया कि 10 दिसंबर को वह गाजियाबाद से कंपनी कैब में रोज की तरह आ रही थी।
जब वह बारापुला नाले के पास करीब सात बजे पहुंची, तो चालक ने उसके साथ अश्लील हरकत की। एग्जिक्यूटिव का आरोप है कि वह पीछे वाली सीट पर थी, जबकि चालक अपनी सीट पर। उसने कुछ अश्लील हरकत किया। तब वह कैब में अकेली थी।
कंपनी में पहुंचने के बाद एग्जिक्यूटिव ने कंपनी के मैनेजमेंट से कैब चालक की शिकायत कर दी। कंपनी के मैनेजमेंट ने इस पर सोच विचार कर 11 दिसंबर को डीएलएफ फेज वन थाना में शिकायत दी। इस शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी चालक यूपी निवासी इमरान को 12 दिसंबर को अरेस्ट कर लिया।
पुलिस को आरोपी कैब चालक से 2 ड्राइविंग लाइसेंस मिले। एक डीएल उसका था, जबकि दूसरा उसके भाई का। पुलिस ने उसके भाई के डीएल को जांच के लिए यूपी ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी भेज दिया है। जबकि आरोपी को कोर्ट में पेशी के बाद जमानत मिल गई। पुलिस कमिश्नर नवदीप सिंह विर्क ने बताया कि सीएम के आदेश के बाद अब गुड़गांव पुलिस इस तरह के मामले में जीरो एफआईआर के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। यह मामला गाजियाबाद का था, लेकिन गुड़गांव में शिकायत के बाद यहां पर दर्ज किया गया है।