पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

गुड़गांव में 21 और मेवात में 12 ने दाखिल किया नामांकन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गुड़गांव. नामांकन के छठवें दिन शुक्रवार को गुड़गांव जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 21 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए, जबकि मेवात के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों से कुल 12 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र भरे। शनिवार को काफी उम्मीदवारों द्वारा नामांकन भरे जाने की संभावना है। शुक्रवार को नामांकन के लिए उम्मीदवारों द्वारा निकाले गए जुलूस के चलते पुराने शहर में सुबह 9 से लेकर दोपहर 3 बजे तक जाम की समस्या बनी थी।

गुड़गांव से 7 ने भरा पर्चा
शुक्रवार को गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र में 7 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए, जिसमें भाजपा के उमेश अग्रवाल, निर्दलीय उम्मीदवार सुरेश गौड़, जनता दल युनाइटेड के उम्मीदवार कमल यादव, भारतीय संतमत पार्टी के उम्मीदवार ओमप्रकाश, सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया कम्युनिस्ट पार्टी के श्रवण कुमार गुप्ता, निर्दलीय उम्मीदवार ऋतु कटारिया, बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार धर्मबीर शामिल हैं। उमेश अग्रवाल की पत्नी अनीता अग्रवाल ने कवरिंग उम्मीदवार के तौर पर नामांकन भरा।

सोहना से 8 ने ठोकी ताल
इसी प्रकार सोहना विधानसभा क्षेत्र में जिन 8 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल किए हैं, उनमें इनेलो के उम्मीदवार किशोर यादव, कांग्रेस उम्मीदवार रोहताश बेदी, हजकां उम्मीदवार पलक वर्मा और समस्त भारतीय पार्टी उम्मीदवार शबीर शामिल हैं। इसके अलावा, त्रिलोक राज चौहान, सुनील कुमार भारद्वाज, सविता व मुकेश सैनी ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किए।

बादशाहपुर से 4 उतरे मैदान में
बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से 4 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल किए हैं। शेष पेज 19 पर पूर्व मंत्री राव धर्मपाल के पुत्र राव विरेन्द्र सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया। जनता दल यूनाइटेड के ब्रिजेश राय, निर्दलीय उम्मीदवार मुकेश कुमार और मोनिका ने नामांकन दाखिल किए हैं। भाजपा के राव नरवीर सिंह ने शुक्रवार को दोबारा नामांकन का दूसरा सैट भरा। हालांकि, उन्होंने 25 सितंबर को ही नामांकन भर दिया था।
पटौदी से 2 ने भरा पर्चा
पटौदी विधानसभा क्षेत्र में दो उम्मीदवारों ने नामांकन भरे, जिनमें हजकां उम्मीदवार राजेश कुमार और निर्दलीय उम्मीदवार बाला उर्फ राजबाला शामिल हैं।

फिरोजपुर झिरका से 4 नामांकन
शुक्रवार को फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी आलम उर्फ मुंडल और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अमन अहमद, मोहम्मद यहूदा व फकरुद्दीन ने नामांकन भरा।
पुन्हाना से 6 ने भरा पर्चा
इसी प्रकार पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी इकबाल जेलदार, बसपा प्रत्याशी दयावती सहित आजाद प्रत्याशी शहनाज, अब्दुल गफार, सुमित और रहीश खान ने नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस से सुभान खान के कवरिंग उम्मीदवार के तौर पर सरीफन ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। सुभान ने गुरुवार को ही नामांकन भरा था।

नूंह से 2 ने ठोकी ताल
नूंह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के रूप में संजय सिंह और इनेलो प्रत्याशी के रूप में जाकिर हुसैन ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। जाकिर के पुत्र ताहिर हुसैन ने कवरिंग उम्मीदवार के तौर पर नामांकन भरा।
गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल करते भाजपा प्रत्याशी उमेश अग्रवाल।