पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अब कार्ड देगा अभिभावकों को उनके लाडले की हरकतों की जानकारी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

गुड़गांव. सरकारी स्कूलों में छात्रों की परफॉर्मेस व शिक्षा संबंधी योजनाओं की जानकारी देने के लिए अभिभावकों को शिक्षा सेतू कार्ड दिया जा रहा है। ये कार्ड बच्चों के बैग में डालकर भेजे जा रहे हैं, ताकि स्कूल में बच्चों के क्रियाकलापों की जानकारी अभिभावकों को दी जा सके। शिक्षा सेतू कार्ड के जरिए अभिभावकों व शिक्षकों के बीच संवाद कायम किया जा सकेगा।

कार्ड में बच्चे व स्कूल संबंधी सारी जानकारी दी गई है। साल के अंत में इसे रिपोर्ट कार्ड की तरह इस्तेमाल किया जाएगा। कार्ड में स्कूल हेड व बच्चे की क्लास टीचर का नंबर भी दिया गया है, ताकि अभिभावक बच्चे की परफॉर्मेस को लेकर शिक्षक से जुड़े रहे। इस कार्ड का उद्देश्य अभिभावक व शिक्षक के बीच कम्युनिकेशन गैप मिटाना है।

शिक्षक संघ ने माना बेहतर कदम

जिला का शिक्षक संघ शिक्षा निदेशालय की इस पहल की सराहना कर रहा है। राजकीय अध्यापक संघ के राज्य सचिव सत्य नरायण यादव ने बताया कि इस कार्ड में बच्चे के कोड, बैंक अकाउंट से लेकर शिक्षा संबंधी सभी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया है।

अभिभावकों की अक्सर अपने बच्चों की स्कूल में गतिविधियों को लेकर शिकायत रहती है, इस कार्ड से उनकी सभी शिकायतों का निपटारा होगा। राजकीय प्राथमिक संघ के जिला प्रधान तरुण सुहाग कहते हैं कि इस कार्ड में बच्चे की परफॉर्मेस भरनी होगी, जिससे अभिभावकों को पता चलेगा कि उनका बच्च क्लास में कैसे पढ़ाई कर रहा है। शिक्षक इस कार्ड में बच्चे को उसकी पढ़ाई के मुताबिक साल के अंत में ग्रेड देंगे।

ये है कार्ड में शामिल

इस साल से शुरू किए गए कार्ड में बच्चे का नाम, रॉल नंबर, बैंक अकाउंट नंबर, स्कूल का नाम, स्कूल के हेड का नाम, क्लास टीचर का नाम नंबर, सरकारी योजनाएं, छात्रवृत्तियां, ग्रीष्म व शीत काल की छुट्टियों की जानकारी, स्कूल प्रबंधन कमेटी के सदस्य व उनके नंबर आदि भरकर इसे बच्चे के बैग में रखा जा रहा है। शिक्षक साल के अंत में इसमें बच्चे की पढ़ाई संबंधी रिपोर्ट भरेंगे।

शिक्षकों और अभिभावकों के बीच की दूरी को खत्म करने में शिशु सेतू कार्ड फायदेमंद साबित होंगे। कार्ड में स्कूल संबंधी व बच्चे की परफॉर्मेस संबंधी सभी जानकारी अभिभावकों को दी जाएगी।

प्रेमलता, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, गुड़गांव