गुड़गांव। महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) ने शैक्षणिक विभागों और संबद्ध महाविद्यालयों में यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों में सत्र 2014-2015 के लिए रिक्त सीटों पर प्रवेश सारिणी के तहत प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। इसके तहत 26 सितंबर 2014 तक 2500 रुपए विलंब शुल्क के साथ प्रवेश दिया जा सकता है।
एडमिशन से वंचित छात्र-छात्राओं के लिए एडमिशन के लिए अभी मौका है। एडमिशन से वंचित छात्र-छात्राएं गुड़गांव के पांच राजकीय महाविद्यालयों में संपर्क साध सकते हैं, जिनमें सेक्टर नौ पीजी कालेज गुड़गांव, राजकीय महाविद्यालय सिधरावली, गुड़गांव, सेक्टर 14 गर्ल्स महाविद्यालय, गुड़गांव, द्रोणाचार्य महाविद्यालय, गुड़गांव व राजकीय महाविद्यालय जाटौली गुड़गांव आदि शामिल हैं।
प्रवेश के लिए जहां प्रतीक्षा सूची उपलब्ध है, वहां प्रवेश प्रतीक्षा सूची से दिया जाएगा। जहां प्रतीक्षा सूची उपलब्ध नहीं है, वहां नए सिरे से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। मेरिट अनुसार प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश में आरक्षण नियमों को ध्यान में रखा जाएगा। एडमिशन लेने वाले छात्रों का रजिस्ट्रेशन रिटर्न एक अक्टूबर तक जमा कराना होगा। यू्निवर्सिटी ने हिदायत दी है कि यह प्रवेश रिक्त सीटों पर ही दिया जाएगा। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित केन्द्रीयकृत प्रवेश प्रक्रिया पर यह विस्तारित प्रवेश सारिणी लागू नहीं होगी।
यूनिवर्सिटी के यूजी व पीजी पाठ्यक्रम में तीसरे, पांचवें, सातवें, नौवें और ग्यारहवें सेमेस्टर में प्रमोशन प्रवेश के मामलों पर यह विस्तारित तिथि स्कीम लागू होगी। इन प्रवेश के मामलों को कुलपति के अनुमोदन के लिए भेजने की आवश्यकता नहीं है। एलएलएम व एलएलबी के लिए आवेदन आमंत्रित: एमडीयू के विधि विभाग और यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ एंड मैनेजमेंट स्टडीज, गुडग़ांव में विधि पाठ्यक्रमों- एलएलएम तथा एलएलबी (आनर्स) त्रिवर्षीय पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
कुलसचिव डा. एसपी वत्स ने बताया कि विधि विभाग में सांयकालीन शिफ्ट में एलएलएम की 30 सीटों पर और यूआईएलएमएस, गुडग़ांव में एलएलएम की 30 सीटों पर प्रवेश के लिए 19 सितंबर तक आवेदन किया जा सकता है। एलएलबी (आनर्स) त्रिवर्षीय पाठ्यक्रम की 120 सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 19 सितंबर है। आवेदन के साथ 400 रुपए प्रोसेसिंग फीस लगेगी। प्रवेश के लिए काउंसलिंग 22 सितंबर को प्रात: 9 बजे आयोजित की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए विधि विभाग और यूआईएलएमएस, गुडग़ांव से संपर्क किया जा सकता है।