पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 22 लाख ठगे

महिला चिकित्सक से एेंठे रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 22 लाख

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गुड़गांव। राजेंद्रा पार्क थाना क्षेत्र में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 22 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। एक महिला चिकित्सक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे बागपत उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत के समक्ष पेश कर दिया है जहां से उसे तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है।

थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि राजेंद्रा पार्क निवासी एक महिला चिकित्सक ने पुलिस को शिकायत दी थी। इसमें बताया गया कि राजेंद्रा पार्क इलाके में बिल्डिंग मैटीरियल का काम करने वाले बिजेंद्र चौहान ने उसके भतीजे व एक अन्य रिश्तेदार से रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 22 लाख रुपए ले लिए। इसके बाद आरोपी ने ज्वॉइनिंग लेटर भी भिजवा दिया था। पीड़ित जब अपना ज्वॉइनिंग लेटर लेकर पंजाब के कपूरथला रेलवे कोच में पहुंचे तो लेटर फर्जी पाया गया। साथ ही यह भी मालूम हुआ कि वहां पर किसी प्रकार की नौकरी के लिए आवेदन मांगे ही नहीं गए थे। इसके बाद जब आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। महिला चिकित्सक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबरों के आधार पर कई दिनों की छापेमारी के बाद उसे बागपत उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर ठगी गई 22 लाख की रकम व ठगी के अन्य मामलों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
होमलोन दिलाने के नाम पर 35 हजार ठगे, मामला दर्ज
राजेंद्रा पार्क थाना क्षेत्र में बैंककर्मी बन एक महिला से हजारों की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी गिरीराज ने बताया कि राजेंद्रा पार्क निवासी सोनिया ने मंगलवार देर शाम थाने में शिकायत दी। इसमें बताया कि इसी साल सितंबर महीने में राज नेगी नामक एक व्यक्ति उनके घर पर आया था। उसने खुद को बैंक मैनेजर बताया था। बातों बातों में उसने मुझे व मेरे पति को झांसे में ले लिया और होम लोन दिलाने की बात कही। उस वक्त उन्हें रुपए की जरूरत भी थी। इस पर वे आरोपी की बातों में आ गए और सिक्योरिटी के तौर पर उसे 25 हजार व 10 हजार रुपए के दो चेक थमा दिए। कुछ दिनों बाद उसके मोबाइल पर खाते से 35 हजार रुपए निकाले जाने का एसएमएस आया।

बैंक जाकर पूछताछ में सामने आया कि चेक के माध्यम से यह रकम निकाली गई है। इसके बाद उन्होंने राज नेगी से बात करने की कोशिश की लेकिन उसका नंबर बंद मिला। काफी दिनों तक उसकी खोजबीन की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत की जांच में मामला सही पाया गया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।