गुड़गांव। गुड़गांव में मंगलवार को सिविल हॉस्पिटल के एक डॉक्टर भी स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गए। हालांकि डॉक्टर को स्वाइन फ्लू होने की स्वास्थ्य विभाग ने पुष्टि नहीं की है लेकिन फिलहाल पीड़ित डॉक्टर टैमी फ्लू की दवा ले रहा है। टैमी फ्लू बी श्रेणी को दी जाती है। वहीं इस मामले में सीएमओ पुष्पा बिश्नोई का कहना है कि उन्हें इस संबंध में जानकारी नहीं है।
वहीं स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए डॉक्टरों को एन 95 मॉस्क स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध नहीं कराया गया है। ऐसे में कुछ डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए अपने पैसे से मास्क खरीद लिया है। जबकि कुछ डाक्टर थ्री लेयर वाला मास्क लगाकर हॉस्पिटल में मरीजों को देख रहे हैं। वहीं सीएमओ पुष्पा बिश्नोई का कहना है कि थ्री लेयर मास्क पर्याप्त है, जो डाक्टरों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
ये है स्वाइन फ्लू की गुड़गांव में स्थिति
गुड़गांव में अब तक स्वाइन फ्लू से पीड़ित तीन लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि इनमें से गुड़गांव का एक मरीज था जबकि दो मरीज बाहर के रहने वाले थे। इसके अलावा गुड़गांव में स्वाइन फ्लू के पॉजिटिव 14 केस सामने आ चुके हैं, जबकि 38 मरीजों को टैमी फ्लू दी जा रही है। सिविल हॉस्पिटल में अलग से बनी स्वाइन फ्लू की ओपीडी पर अब तक 1200 से अधिक मरीज पहुंचे हैं जिन्हें ए ग्रेड में रखा गया है।