पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सिविल अस्पताल में डॉक्टर से मारपीट, दंपती गिरफ्तार, अब लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गुड़गांव। सिविल अस्पताल में डॉक्टर के साथ रविवार रात को मरीज के अटेंडेंट तथा उसके सहयोगियों द्वारा ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक तथा अन्य स्टाफ के साथ मारपीट भारी पड़ गई। डॉक्टर से मारपीट करने व अस्पताल में तोड़फोड़ करने पर पुलिस ने दंपती को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या था मामला

रविवार की रात को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के थाना सिकंदरपुर के गांव गोसाईंपुर निवासी छोटे लाल अपनी पत्नी कुसुम व अन्य महिलाओं के साथ अस्पताल आए। आरोप है कि छोटे लाल वार्ड में पान, गुटखा खा रहा था। इस पर मौजूद अस्पताल कर्मियों ने एतराज किया। इससे नाराज छोटे लाल ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर व स्टाफ के साथ झगड़ा व मारपीट शुरू कर दी। झगड़े में उनके साथ एक औरत रीटा भी थी, जो मौके पर पुलिस के पहुंचने से पहले गायब हो गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कर छोटे लाल व उसकी पत्नी कुसुम को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया है।

अस्पताल की होगी सुरक्षा पुख्ता

सोमवार को इस मामले पर उपायुक्त शेखर विद्यार्थी व पुलिस आयुक्त आलोक मित्तल ने बातचीत की। सामान्य अस्पताल में सुरक्षा बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। दोनों अधिकारियों ने सामान्य अस्पताल स्थित पुलिस चौकी में सिपाहियों की संख्या बढ़ाने का फैसला किया। इसके अलावा सामान्य अस्पताल के पास पीसीआर खड़ी करने का निर्णय भी लिया गया। दोनों अधिकारियों ने यह निर्णय लिया कि सामान्य अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

डीसी ने घटना पर जताया खेद

उपायुक्त शेखर विद्यार्थी ने इस घटना पर खेद जताते हुए कहा कि अस्पताल में मरीज इलाज के लिए आते हैं। उनकी देखभाल व सहायता के लिए उनके अटेंडेंट भी साथ होते हैं। किसी भी मरीज के अटेंडेंट व सहायक द्वारा ऐसा व्यवहार किया जाना अशोभनीय है। इस प्रकार की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस आयुक्त आलोक मित्तल ने भी घटना पर खेद व्यक्त करते हुए पुलिस को सामान्य अस्पताल में चक्कर लगाते रहने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अस्पताल के नजदीक पीसीआर खड़ी करने के निर्देश भी जारी किए हैं।
फोटो- सामान्य अस्पताल में हुई मारपीट में अस्पताल के घायल कर्मचारी।