पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बेटियां अनमोल हैं, दिल से बचाओ : सीएम

बिगड़ते लिंगानुपात पर बोले सीएम, बेटियां अनमोल हैं, दिल से बचाओ

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गुड़गांव। बेटियां अनमोल हैं, बेटियों को दिल से बचाओ, दिल को बचाओ। प्रदेश में बेटियों की कमी है। बेटियों के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है और आगे भी बेटियों के लिए सरकार कई योजनाएं शुरू करेगी। यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बुधवार को बेटियां अनमोल हैं, बेटियों को दिल से बचाओ अभियान की शुरुआत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि इस अभियान में समाज के ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंदों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
सीएम ने कहा कि प्रदेश में लड़कियों की कमी है। पांच वर्ष तक के 1000 लड़कों पर 837 लड़कियां हैं, जो देशभर में सबसे बड़ा अंतर है। इस अंतर को कम करने के लिए महिलाओं को आगे आना चाहिए। महिलाओं को भ्रूण हत्या का विरोध करना होगा। उन्होंने कहा कि हमारा समाज पुरुष प्रधान है, लेकिन अब महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। ऐसे में लड़कियों को बचाने के लिए महिलाओं को आगे आना होगा।

लड़कियों के लिए शुरू होंगी कई योजनाएं : उन्होंने कहा कि लड़कियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश में लाडली योजना के अलावा कई योजनाएं चल रही हैं। लेकिन वे अपर्याप्त हैं। प्रदेश सरकार जल्द ही नई योजनाएं शुरू करेगी। उन्होंने बताया कि गत दिनों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 22 जनवरी को प्रदेश में महिलाओं का एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कहा है, जिसमें कई योजनाओं की घोषणा की जाएगी। इस अवसर पर मेदांता के अध्यक्ष डॉ. नरेश त्रेहन ने कहा कि मेदांता हॉस्पिटल व हार्ट केयर फाउंडेशन द्वारा दिल की बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंद लड़कियों का हॉस्पिटल में मुफ्त इलाज कराया जाएगा।
फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. केके अग्रवाल ने कहा कि देश में हर साल लगभग 78 हजार बच्चे दिल की बीमारियों से पीड़ित पैदा होते हैं, जिनका समय पर सर्जरी नहीं होने से मौत हो सकती है।
एक और अस्पताल के लिए जमीन का रखा प्रस्ताव

जरूरतमंद लोगों के लिए अलग से 500 बेड के हॉस्पिटल बनाने के लिए डॉ. नरेश त्रेहन ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के समक्ष जमीन देने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि हॉस्पिटल के लिए जमीन देख रखी है, आप भी देख लें। हमारे पास 400 करोड़ रुपए का बजट है। हरियाणा सरकार जमीन दे तो, यह सपना पूरा हो जाएगा। इस पर मीडिया द्वारा उठाए गए सवालों के जवाब में डा. त्रेहान ने कहा कि उन्हें सरकार से मुफ्त में कुछ नहीं चाहिए। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राइवेट अस्पतालों को जिन शर्तों व नियमों पर जमीन दी गई थी, उनकी जांच कराकर सभी शर्तों की पालना सुनिश्चित कराई जाएगी। जो भी अस्पताल इन शर्तों व नियमों की अवहेलना करते पाए जाएंगे, उन्हें नोटिस भेज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर फाउंडेशन द्वारा देश भर से बच्चे बुलाए गए थे। बेटियों को दिल से बचाओ अभियान कार्यक्रम में सोहना से विधायक तेजपाल तंवर, पटौदी विधायक विमला चौधरी, सीएम के ओएसडी जवाहर यादव, नगर निगम के डिप्टी मेयर परमिंद्र कटारिया उपस्थित थे।
(फोटो- 'बेटियां अनमोल हैं, दिल से बचाओ' कार्यक्रम में बच्चियों के साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर)