पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सीपी से भाजपा नेता ने की क्राइम ब्रांच की शिकायत, कमिश्नर ने दिए जांच के आदेश

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गुड़गांव। किसी मामले में पूछताछ के लिए क्राइम ब्रांच की टीम के पहुंचने के विरोध में बादशाहपुर के भाजपा नेता कमल यादव पुत्र सुजान सिंह शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर आलोक मित्तल से मिले। कमल ने आरोप लगाया कि उन्हें क्राइम ब्रांच बिना किसी कारण के परेशान कर रही है। इस मामले में निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने पुलिस कमिश्नर को क्राइम ब्रांच की कार्रवाई से संबंधित वीडियो फुटेज भी सौंपे हैं। इसपर पुलिस कमिश्नर ने 48 घंटे के भीतर जांच कर एसीपी क्राइम को रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
कमल समर्थकों ने लगाया जाम
एक मामले की जांच के लिए गुरुवार को क्राइम ब्रांच की टीम पूछताछ के लिए कमल के ऑफिस पहुंची। इस पर कमल के समर्थक भड़क गए। कमल के समर्थकों ने बादशाहपुर सोहना रोड से लगते दरबारीपुर रोड को सुबह 11 बजे पूरी तरह से जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि क्राइम ब्रांच की टीम कमल को बिना कारण परेशान कर रही है। हंगामा कर रहे लोगों ने पुलिस आयुक्त को मौके पर बुलाने की मांग की। जाम की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर संदीप कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझा कर मौके से हटाया और किसी तरह ट्रैफिक को संचालित करने में सफल रहे।

सीपी ने दिया 48 घंटे का समय
शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर से मिलकर कमल यादव व स्थानीय लोगों ने क्राइम ब्रांच पर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों ने क्राइम ब्रांच द्वारा जान से मारने की धमकी देने व रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। इसके लिए कमल यादव ने सीपी को सबूत के तौर पर एक पेन ड्राइव भी दी। इसमें क्राइम ब्रांच के कार्रवाई का पूरा वीडियो फुटेज है। सीपी ने फुटेज की जांच के लिए 48 घंटे का समय निर्धारित कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
हालांकि क्राइम ब्रांच के बेवजह परेशान करने का आरोप लगा रहे ग्रामीणों को पुलिस कमिश्नर ने बताया कि क्राइम ब्रांच को अवैध हथियार रखने की सूचना मिली थी। इसी पर क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई की थी। सूत्रों की माने तो पीड़ित को हाल में एक समारोह में अवैध हथियारों का प्रयोग करते देखा गया था।