गुड़गांव। क्राइम ब्रांच की टीम ने अवैध हथियारों के जखीरे के साथ 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन पर हत्या व लूट के कई मामले चल रहे हैं। पूछताछ में इन्होंने कई वारदातों का खुलासा किया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध विवेक शर्मा के अनुसार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-10 के प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप मोर को बीते रविवार को एक गुप्त सूचना मिली। मुखबिर ने बताया कि 31 दिसंबर 2011 को खांडसा निवासी वीरेंद्र सिंह की हत्या के आरोपी हथियारों के जखीरे के साथ कादीपुर चौक पर खड़े हैं और किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर संदीप मोर ने एएसआई ब्रह्मपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन करके कादीपुर के लिए रवाना कर दिया। एएसआई ब्रह्मपाल ने मौके पर पहुंचकर तलाशी लेनी शुरू कर दी। तीन युवकों से तीन कट्टे, तीन कारतूस बरामद हुए। उन्हें शस्त्र अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया।
रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू
जेपीसी विवेक शर्मा ने बताया कि तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की गई। पूछताछ मेंं आरोपियों ने बताया कि कि वर्ष 2011 मे बहरमपुर सब्जी मंडी में वसूली को लेकर हुए झगड़े के दौरान उन्होंने खांडासा निवासी वीरेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या की थी। तीनों आरोपियों को शस्त्र अधिनियम के मुकदमों में न्यायालय में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। रिमांड के दौरान पूछताछ के बाद इनसे कुल 3 पिस्टल, 5 कट्टे, 64 कारतूस व 18 खाली खोल बरामद हुए हैं। यह भी पता चला कि आरोपी मुकेश उर्फ मिंकू सन 2006 में हत्या के प्रयास के मामले में भोंडसी जेल में रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
विवेक शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों की पहचान हो गई है। गिरोह का सरगना गुड़गांव के खांडसा के तारा पट्टी गांव निवासी मुकेश है। धारूहेड़ा निवासी रविश उर्फ रवि और उत्तर प्रदेश के मेरठ जिला निवासी प्रदीप खांडसा गांव में रहता है। जानकारी मिली है कि मुकेश के पास दो कैंटर व एक गाड़ी है, जिन्हें वह किराए पर चलाता है।
मिल सकता है प्रमोशन
भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा पकड़ने व मामले का खुलासा करने पर पुलिस कमिश्नर द्वारा दो पुलिस कर्मियों को प्रमोशन दिया जा सकता है। विवेक शर्मा के अनुसार एएसआई ब्रह्मपाल व रिशीपाल को प्रमोशन देने के लिए पुलिस कमिश्नर आलोक मित्तल से कहा जाएगा।
फोटो- पुलिस द्वारा गिरफ्तार हत्यारोपी तथा उनसे भारी संख्या में बरामद हथियार।