गुडग़ांव. देश सेवा के लिए सीआरपीएफ ने अपने बेड़े में 133 कर्मठ अधिकारियों को शामिल किया। शुक्रवार को कादरपुर स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में शुक्रवार को 44वें पासिंग आउट परेड के बाद 133 सीआरपीएफ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपते हुए सहायक कमांडेंट पद पर ज्वाइन कराया गया। उन्हें देश के विभिन्न स्थानों पर तैनात किया जाएगा।
पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शिरकत की। दीक्षांत परेड की सलामी लेते हुए उन्होंने प्रशिक्षण में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया। हुड्डा ने प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके सीआरपीएफ अधिकारियों से उनकी व्यावसायिक निपुणता तथा क्षमता को लगातार समसामयिक बनाए रखने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि यह विश्व का सबसे बड़ा अर्धसैनिक बल है। सीआरपीएफ की शौर्य, सत्यनिष्ठा, त्याग तथा समर्पण के रूप में अपनी एक अलग पहचान है।
गत दशकों में सीआरपीएफ ने अपने कौशल तथा दक्षता के साथ देश के भीतर चुनौतियों को नियंत्रित किया है। उन्होंने सीआरपीएफ अकादमी की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस अकादमी ने व्यवसायिक विशेषता, पराक्रम और समर्पण जैसे उच्च मापदंडों की स्थापना की है। हुड्डा ने विश्वास जताया कि ये अधिकारी हर चुनौती का सफलतापूर्वक सामना करेंगे और अपनी जिम्मेदारी को देशभक्ति के जज्बे तथा पूरी लगन से निभाएंगे।
वे हमेशा यह याद रखेंगे कि देश और संविधान की रक्षा उनका सर्वोपरि कर्तव्य है। इससे पूर्व केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के महानिदेशक दलीप त्रिवेदी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि सीआरपीएफ के राजपत्रित अधिकारियों के 44वें बैच में 133 राजपत्रित अधिकारियों को 53 सप्ताह की समयावधि के दौरान कठिन प्रशिक्षण दिया गया है।
उन्हें कानून, सी.आई. ऑप्रेशन, युद्धकला, पुलिस-पब्लिक संबंध, मानवाधिकार तथा आतंकियों से भिड़ंत की परिस्थितियों में शूटिंग निपुणता के गुर सिखाए गए हैं। प्रशिक्षण पूरा करने वाले अधिकारियों में 6 महिला अधिकारी भी हैं।
शहीदों के परिवार को मिलेगी 10 लाख की वित्तीय सहायता
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि सशस्त्र सेनाओं तथा अर्धसैनिक बलों में सेवारत हरियाणा के सैनिकों और प्रदेश के पुलिस कर्मियों के शहीद होने पर उनके परिवार के किसी एक सदस्य को अनुकंपा आधार पर नौकरी देने तथा 10 लाख रुपए की वित्तीय सहायता देने का निर्णय लिया गया है।
इन्होंने भी किया कार्यक्रम में शिरकत
दीक्षांत परेड समारोह में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अलावा मुख्य संसदीय सचिव धर्मबीर, बादशाहपुर के विधायक राव धर्मपाल, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फूलचंद मुलाना, कांग्रेस प्रवक्ता जितेन्द्र भारद्वाज, सीआरपीएफ अकादमी के निदेशक डॉ. बीएन रमेश, नगरनिगम आयुक्त डॉ. प्रवीण कुमार, गुडग़ांव के उपायुक्त शेखर विद्यार्थी, पुलिस उपायुक्त सुरेन्द्र पाल सिंह, गुडग़ांव दक्षिणी के उपमंडल अधिकारी विवेक कालिया मुख्य रूप से मौजूद रहे।