गुड़गांव। पटौदी स्थित जय श्री केमिकल फैक्ट्री से गैस रिसाव होने के कारण फसल बर्बाद तथा लोगों की सेहत खराब होने का आरोप स्थानीय किसानों ने लगाया है। किसानों ने पटौदी एसडीएम तथा थाना पटौदी में कंपनी के खिलाफ शिकायत की है। इस मामले में कंपनी ने मौन साधा हुआ है। किसानों द्वारा ज्ञापन दिए जाने के बाद एसडीएम ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
क्या है मामला
एसडीएम को सौंपे ज्ञापन के अनुसार बीते रविवार को कंपनी से किसी खतरनाक गैस का रिसाव किया गया, जिसके कारण लोगों को सांस लेने में कठिनाई शुरू हो गई और गेहूं की चार एकड़ फसल बर्बाद हो गई। फसल खराब होने के कारण किसानों का गुस्सा बढ़ रहा है। किसानों का कहना है कि इस कंपनी में खतरनाक किस्म का केमिकल बनाया जा रहा है लेकिन कोई इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। किसानों के अनुसार यह फैक्ट्री करीब 30 वर्ष से चल रही है। समय-समय पर इसमें से जहरीली गैस सल्फर डाइऑक्साइड का रिसाव होता है। इस कंपनी के कारण जल भी दूषित हो रहा है, जिससे किसानों का जीना दूभर हो गया है। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उन्हें फसल का मुआवजा दिया जाए था तथा जहरीली गैस व दूषित जल का स्थाई समाधान होना चाहिए। अन्यथा कंपनी के गेट के सामने धरना दिया जाएगा तथा मजबूरन रोड जाम भी किया जाएगा।
क्या कहते हैं अधिकारी
इस विषय में एसडीएम पटौदी कप्तान मनोज कुमार का कहना है यह एक गंभीर मामला है वह इस समस्या का तुरंत समाधान करेंगे। इसके लिए उन्होंने कंपनी अधिकारी को भी बुलाया है तथा इंडस्ट्रियल सेफ्टी विभाग को भी जांच के आदेश दिए हैं।