गुड़गांव. आरडी सिटी के एक फ्लैट में डिटेक्टिव एजेंसी संचालिका गीता शर्मा के साथ मृत मिले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के इंस्पेक्टर बद्रीश दत्त (45) के मोबाइल से कई कॉल की डिटेल्स निकालकर पुलिस मामले की तह तक पहुंचना चाह रही है।
इसी के चलते सोमवार को बद्रीश और गीता की कॉल डिटेल्स गुड़गांव पुलिस ने निकवाई। अब यह छानबीन की जा रही है कि आखिर दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ कि नौबत हत्या और फिर आत्महत्या तक पहुंच गई।
जानकारी के मुताबिक काल डिटेल्स से पता चला है कि दोनों के बीच उस दिन कई बार बात हुई थी और उसके बाद ही बद्रीश दत्त फ्लैट में गीता के पास पहुंचा था। इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इंस्पेक्टर ने घटना वाले दिन किस-किस व्यक्ति से बात की थी।
ऐसे कुछ लोगों से पुलिस ने सोमवार को पूछताछ की, जिनके बारे में काल डिटेल्स से घटना वाले दिन बद्रीश का संपर्क होने का पता चला है। जानकारी के मुताबिक पुलिस की एक टीम ने इस मामले में बद्रीश के सहयोगियों से भी पूछताछ की है, जिसमें यह बात सामने आई है कि बद्रीश लगभग महीने भर से मानसिक परेशानी में था।
जांच में जुटी गुड़गांव व दिल्ली पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही काल डिटेल्स और सहयोगियों से पूछताछ के दौरान घटना के कारणों का पता चल जाएगा। बद्रीश व गीता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद गुड़गांव पुलिस यही कह रही है कि इंस्पेक्टर ने गीता को गोली मारने के बाद आत्महत्या की। उसने ऐसा क्यों किया यह अभी पहेली बना हुआ है।