फर्रुखनगर. कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल का क्षेत्र के लोगों पर बुरा असर पड़ा है। ठिठुरती ठंड में भी लोगों को बिजली किल्लत के साथ पेयजल के लिए तरसना पड़ रहा है। इसके विरोध में क्षेत्र के गांव साढऱाणा के निवासियों ने बुधवार देर रात फर्रुखनगर-गुडग़ांव मार्ग पर सुल्तानपुर झील के समीप साढऱाणा मोड़ पर जाम लगा कर बिजली, पानी विभाग के साथ-साथ सरकार विरोधी नारे लगाकर प्रदर्शन किया। जाम खुलवाने के लिए पुलिस प्रशासन की अपील का भी ग्रामीणों पर कोई असर नहीं हुआ। प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर डटे रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि कर्मचारियों के ७२ घंटे की प्रदेशव्यापी हड़ताल के कारण उनके गांव में तीन दिनों से बिजली नहीं आ रही है। रात में बिजली नहीं होने पर अक्सर वारदात की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था सुचारू कराने के लिए फर्रुखनगर के एसडीओ, जेई व एक्सइन को भी जानकारी दी गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है। जब तक उनकी समस्या का हल नही हो जाता, तब तक वे जाम नहीं खोलेंगे।