पुन्हाना। इलाके में बन रहे संस्कृत स्कूल का निर्माण पांच सालों से अधर में है। सर्व शिक्षा अभियान द्वारा लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी ये कमरे अधूरे पड़े हैं। अब यह जर्जर होने लगे हैं। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा इन कमरों में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। अब इन कमरों मे दरारें पड़ने लगी है। इसकी शिकायत वे कई बार उच्चाधिकारियों से भी कर चुके हैं, लेकिन इन कमरों को पूरा नहीं कराया जा रहा है। लोगों का कहना है कि इस मामले की शिकायत जिला उपायुक्त से लेकर शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल व हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से की जाएगी।
सर्व शिक्षा अभियान के तहत पुन्हाना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को मॉडल स्कूल का दर्जा दिया गया था। स्कूल में 9 नए कमरों के बनाने की योजना थी। 11वीं व 12वीं में विज्ञान के छात्रों के लिए दो साइंस लैब, एक साइकिल स्टैंड के अलावा अलग से ऑफिस का भी निर्माण कराना था। इस योजना के तहत लगभग 50 लाख रुपये से भी अधिक की लागत लगनी थी। ठेकेदार ने 5 वर्ष पूर्व कमरों का निर्माण शुरू किया, लेकिन काम शुरू होने के बाद उन कमरों को रूफ लेवल बनाकर बीच में ही छोड़ दिया। अब ये कमरे जर्जर होने लगे हैं।
स्कूल का गेट हुआ चोरी
पुन्हाना के इस स्कूल में लगा नया गेट भी लोगों ने चोरी कर लिया है। स्कूल के प्रशासन ने इसकी शिकायत पुन्हाना चौकी में कर दी, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया है। इससे स्कूल में हर समय आवारा जानवर आकर गंदगी फैलाते हैं, जिससे छात्रों को काफी परेशानी होती है। इस संबंध में जिला फिरोजपुर झिरका के एसडीएम मीनाक्षी राज गोयल का कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। वे जल्द ही इस मामले की जानकारी लेंगे और ठेकेदार से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।