गुड़गांव। मतदाता जागरूक मंच ने प्रदेश के पूर्व मंत्री सुखवीर कटारिया एवं उनके दर्जनों सहयोगियों के खिलाफ वर्ष 2009 के विधानसभा चुनाव में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर फर्जी वोट बनवाने से संबंधित करीब 250 शिकायतें अदालत व पुलिस में दी थी। इनमें से 9 शिकायतों पर अदालत के आदेश पर पुलिस एफआईआर भी दर्ज कर चुकी है, जबकि अन्य मामलों की जांच चल रही है।
इसी क्रम में सोमवार को ओमप्रकाश बनाम संतराम मामले में पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया ज्युडीशियल मजिस्ट्रेट अशोक कुमार की अदालत में पेश हुए। इस मामले में पूर्व मंत्री सहित सात आरोपी तत्कालीन एएफएसओ देवेंद्र कादियान, संतराम, संतोष, सुनयना, संजीव व संदीप हैं। पूर्व मंत्री व कादियान इस मामले में अदालत से पहले ही जमानत प्राप्त कर चुके हैं। लेकिन, अन्य आरोपियों को अभी तक समन तामील नहीं हुए हैं। अदालत ने आरोपियों को समन तामील कराने के लिए पुलिस को आदेश दिए हैं कि सभी आरोपियों को 11 मार्च को अदालत में पेश किया जाए।
वहीं फर्जी वोट प्रकरण में ही एक अन्य मामले में ज्युडीशियल मजिस्ट्रेट दीप्ति की अदालत में सुनवाई हुई। इस मामले में पूर्व राज्य मंत्री सहित 10 आरोपी हैं।
तत्कालीन बीएलओ अनिता अदालत से जमानत प्राप्त कर चुकी हैं। जबकि, अन्य आरोपियों को पुलिस अदालत में पेश नहीं कर सकी है। पुलिस ने अदालत में समन पर अपनी रिपोर्ट पेश करते हुए कहा है कि आरोपी समन में दिए गए पते पर नहीं मिल रहे हैं। अदालत ने पुलिस को आदेश दिए हैं कि आरोपी विकास, सुरेंद्र, रणवीर, मुकेश, देवेंद्र, विजयपाल, नरेंद्र, सुखवीर व एईआरओ अठवाल को आगामी 11 मार्च को अदालत में पेश किया जाए, ताकि मामले में सुनवाई हो सके।