गुड़गांव. बंधवाड़ी कूड़ा निस्तारण प्लांट को दोबारा चालू करने के लिए फ्रांस के विशेषज्ञ तकनीकी सलाह देंगे। मजे की बात है कि फ्रांस के विशेषज्ञ मुफ्त में कंसल्टेंसी देने के लिए तैयार हैं। फ्रांस से आए प्रतिनिधियों के साथ नगर निगम कमिश्नर डॉ. प्रवीण कुमार दिल्ली ओखला स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट का निरीक्षण करने के बाद मंगलवार को बंधवाड़ी प्लांट पहुंचे। फ्रांसीसी विशेषज्ञों ने कमिश्नर को भरोसा दिलाया कि बहुत कम लागत में प्लांट चालू किया जा सकता है। इस दौरान फ्रांस की सीनिम नामक कंपनी से आए प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने यहां लगी मशीनरी के बारे में जानकारी ली।
प्रतिनिधिमंडल में आए जीन पॉल डोची ने सुझाव दिया कि सबसे पहले पुराने कचरे का समाधान करना होगा, ताकि भूमिगत जल पर इसका कोई असर न पड़े। इसके अलावा कचरे से बिजली बनाने का सुझाव भी दिया। कमिश्नर ने विश्वास दिलाया कि जल्द ही निगम फ्रांस से आए प्रतिनिधिमंडल के सुझावों पर अमल करेगा। कमिश्नर ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से कहा कि वे जल्द से जल्द यहां लगी मशीनरी का पूरा ब्योरा तैयार करें, ताकि प्लांट को फिर से चालू किया जा सके। इस अवसर पर नगर निगम की ज्वाइंट कमिश्नर अंजू चौधरी, चीफ इंजीनियर बीएस सिंगरोहा व फरीदाबाद नगर निगम के चीफ इंजीनियर सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
आगे की स्लाइड्स पर क्लिक कर पढ़िए पूरी खबर...