पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

..और अचानक गरीब रथ के इंजन में लग गई आग, जानिए पूरा मामला

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

गुड़गांव. सराय रोहिल्ला से बांद्रा के लिए चलने वाली ट्रेन गरीब रथ के इंजन में अचानक आग लग गई। गुड़गांव रेलवे स्टेशन से निकलने के बाद धनवापुर और बसई के बीच रेलवे ट्रैक पर जब ट्रेन गति पकड़ रही थी, तभी यह हादसा हुआ। हालांकि फाटक के गार्ड की सतर्कता के कारण हादसा टल गया। फायर ब्रिगेड के आग बुझाने के डेढ़ घंटे बाद दूसरा इंजन लगाया गया और गरीब रथ ट्रेन आगे रवाना हुई।

शनिवार सुबह सवारियों से भरी गरीब रथ जैसे ही 10 बजे गुड़गांव रेलवे स्टेशन से आगे बढ़ी, तभी उसके इंजन से धुआं निकलने लगा। देखते-देखते इंजन से आग की तेज लपटें निकलने लगीं। गेट नंबर 27 के गेटमैन शिव कुमार ने दूर से आती ट्रेन के इंजन में आग लगी देखी तो उसने इशारा कर चालक को इसकी जानकारी दी। उसने लाल झंडी दिखाकर ट्रेन को रुकवा दिया।

सूचना मिलते ही आरपीएफ के एसएचओ शिव कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। आग पर काबू पाने की कोशिश न होते देख तुरंत फायर ब्रिगेड को इसकी जानकारी दी गई। सेक्टर 37 और भीम नगर फायर स्टेशन से पांच फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया।

तकनीकी खराबी के कारण इंजन में आग लगी। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ।

सुमेर सिंह, इंचार्ज आरपीएफ, गुड़गांव