पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सफाई कर्मियों ने नगर निगम कार्यालय पर किया प्रदर्शन, नहीं मानी अधिकारियों की बात

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गुड़गांव। नियमित करने की मांग को लेकर सफाईकर्मियों की हड़ताल जारी है। नगर निगम के अंतर्गत सफाई का काम कर रहे कर्मी सोमवार को भी निगम कार्यालय पर हड़ताल पर बैठे रहे। निगम अधिकारियों द्वारा समझाने के बाद भी वे अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। कर्मियों की इस हड़ताल से शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। जबकि नगर निगम द्वारा आगामी 25 सितंबर से स्वच्छ भारत अभियान की शुरूआत करने की घोषणा की गई है। ऐसे में यह अभियान कितना सफल होगा, यह निगम के कर्मचारी ही तय करेंगे।

कर्मचारी सरकार के आदेशानुसार पे रोल पर रखे जाने की मांग कर रहे हैं। भगवान वाल्मीकि विकास समिति के अध्यक्ष सुल्तान सिंह चावरिया ने बताया कि प्रदेश सरकार ने ठेका प्रथा समाप्त करते हुए सफाई कर्मियों को पे रोल पर रखने की घोषणा की थी। मगर, नगर निगम द्वारा इस दिशा में अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अब तक कर्मचारियों के न तो बैंक एकाउंट खोले गए हैं और न ही नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। इस कारण कर्मियों में नाराजगी व्याप्त है। इस मामले को सुलझाने के लिए नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी नेताओं को समझाने-बुझाने में लगे हैं। सोमवार को भी नगर निगम कार्यालय पर सैकड़ों कर्मचारी एकत्रित हो गए और सिविल लाइन रोड पर कर्मचारियों की भीड़ के कारण यातायात भी प्रभावित रहा। कर्मचारी नेताओं ने अपनी हड़ताल जारी रखने की घोषणा की। वहीं इस संबंध में निगम कमिश्नर विकास यादव का कहना है कि कर्मचारियों को पे रोल पर नियुक्त करने की प्रक्रिया जारी है। कर्मचारी काम पर लौटने के लिए राजी हो गए हैं।
फोटो- अपनी मांगों को लेकर नगर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते सफाई कर्मचारी।