गुड़गांव। नामांकनों की जांच में जिला गुड़गांव के चारों विधानसभा क्षेत्रों से कुल 15 नामांकन रद्द किए गए। इसके बाद गुड़गांव जिला के चारों विधानसभा क्षेत्र से कुल 74 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। सोमवार को गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र से 4, सोहना विधानसभा क्षेत्र से 5, बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से 3 और पटौदी विधानसभा क्षेत्र से 3 उम्मीदवार के नामांकन रद्द किए गए हैं। हालांकि, नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि एक अक्टूबर निर्धारित की गई है।
गुड़गांव से चुनाव मैदान में 22 उम्मीदवार
गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र से जिन उम्मीदवारों के नामांकन रद्द किए गए, उनमें 3 कवरिंग उम्मीदवार और एक निर्दलीय उम्मीदवार हैं। कवरिंग उम्मीदवारों में कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार सरला गाबा, भाजपा की उम्मीदवार अनीता अग्रवाल और इनेलो पार्टी के राजेन्द्र शामिल हैं, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार सुखबीर पुत्र छोटू का नामांकन रद्द किया गया है। इसके साथ ही गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र में कुल 22 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं।
बादशाहपुर से 16 उम्मीदवार मैदान में
बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से रद्द किए गए तीन नामांकनों में कांग्रेस पार्टी के कवरिंग उम्मीदवार देवेन्द्र, इनेलो की उम्मीदवार कुमुदनी जांधू तथा निर्दलीय उम्मीदवार ब्रिजेश राय शामिल हैं। इसके बाद अब बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से कुल 16 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं।
सोहना में रह गए 25 उम्मीदवार
सोहना विधानसभा क्षेत्र से 5 नामांकन रद्द किए गए, जिनमें इनेलो के कवरिंग उम्मीदवार विकास कुमार यादव, निर्दलीय उम्मीदवार सविता, निर्दलीय उम्मीदवार श्योराज, सुनील भारद्वाज व कृष्णा शर्मा शामिल हैं। इसके साथ ही सोहना विधानसभा क्षेत्र से अब 25 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं।
पटौदी में कुल 11 प्रत्याशी मैदान में
पटौदी विधानसभा क्षेत्र से 3 नामांकन रद्द किए गए हैं, जिनमें भाजपा के कवरिंग उम्मीदवार रवि कुमार, कांग्रेस की कवरिंग उम्मीदवार राज रानी तथा निर्दलीय उम्मीदवार अजीत पुत्र माताद्दीन शामिल हैं। इस क्षेत्र से अब कुल 11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं।