गुड़गांव/नूंह | हरियाणा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नामांकन-पत्र जमा करने के आखिरी दिन शनिवार को मेवात के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों से कुल 31 उम्मीदवारों ने नामांकन-पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही मेवात के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 56 उम्मीदवारों द्वारा नामांकन-पत्र दाखिल किए गए हैं। इसमें नूंह विधानसभा क्षेत्र में 12, पुन्हाना में 21 और फिरोजपुर झिरका में 23 नामांकन पत्र भरे गए। फिरोजपुर झिरका विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम फिरोजपुर झिरका मीनाक्षीराज गोयल के कार्यालय में आजाद प्रत्याशी के रूप में जाकिर हुसैन, वसीम अकरम, शमशाद, मामन खान, शहीद, नसीम अहमद तथा कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी के रूप में फरीदा, हलोपा से जबूंनिशां, हलोपा से हबीबुर्रहमान, समस्त भारतीय पार्टी से उमर मोहम्मद, भाजपा से जैबुना, समाजवादी पार्टी के रहीस, बीएसपी के फारुक व रिहाना ने अपना नामांकन-पत्र दाखिल किया। इसी प्रकार पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप गोदारा के कार्यालय में आजाद प्रत्याशी के रूप में सफत खान, मिसकिना, जाकर, अली मोहम्मद, नूर मोहम्मद, बरकत अली, सुमित सिंह तथा हलोपा से हाकम खान, हरियाणा जनहित चेतना पार्टी से अतर मोहम्मद और समाजवादी पार्टी से साजिद ने अपने नामांकन-पत्र दाखिल किए। नूंह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम नूंह त्रिलोकचंद के कार्यालय में हलोपा से नियामत, बसपा से अकील अहमद व भगत किशोर, भाजपा से वंदना, हरियाणा जनहित चेतना पार्टी से अब्दुल रहीम,
समस्त भारतीय पार्टी से इसराइल ने अपने नामांकन-पत्र दाखिल किए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त संजय जून ने बताया कि दाखिल नामांकन पत्रों की जांच 29 सितंबर को की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित होंगे।