(फोटो- प्रतीकात्मक)
गुड़गांव। हुडा सेक्टर्स में सीमेंट और कंक्रीट से बनी सड़कों की जांच दोबारा कराई जाएगी। इसमें सेक्टर-14, 15 और सेक्टर-31 की सड़कें शामिल हैं। इन सेक्टर्स की आरडब्ल्यूए ने हुडा अधिकारियों से शिकायत की है। इसके लिए हुडा डिवीजन नंबर-3 की ओर से दोबारा जांच करने के लिए एक टीम बनाकर सड़कों की जांच कराई जाएगी। सड़कों के निर्माण की गुणवत्ता में अनियमितता पाए जाने पर निर्माण कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सेक्टर्स में सड़कों की क्या है हालत
सेक्टर-15 पार्ट-2 के झाड़सा रोड से लेकर चंदन नगर तक करीब 600 मीटर लंबी सीमेंट और कंक्रीट से बनी रोड और चंदन नगर से लेकर आईटीआई कॉलेज तक साढ़े तीन सौ मीटर सड़क दो साल पहले बनी थी। इन सड़कों पर करीब 95 लाख रुपए खर्च किए गए थे। बनने के कुछ महीने बाद ही रोड से कंक्रीट निकलने लगी। आरडब्ल्यूए ने इसकी शिकायत पूर्व एक्सईएन से की थी। इस पर एक्सईएन ने सोनू निर्माण कंपनी को नोटिस देकर सीमेंट का घोल डलवाकर काम चलाऊ रोड बनवा दिया था। इसके बाद से यह सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त होने लगी है। इसी तरह सेक्टर-14 के ओल्ड डीएलएफ में सड़कों का भी यही हाल है। इसके अलावा सेक्टर-31 को जाने वाली इंटरनल रोड भी जगह-जगह से टूटी है। इससे लोगों को परेशानी होने लगी है।
कमेटी गठित कर होगी जांच
हुडा डिवीजन नंबर-3 के एक्सईएन वीके श्योकंद ने बताया कि आरडब्ल्यूए की शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है। पहले इन सड़कों का दौरा किया जाएगा, उसके बाद एक कमेटी गठित कर जांच कराई जाएगी। जांच कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद संबंधित ठेकेदार पर विभागीय कार्रवाई कर ब्लैक लिस्ट करने की सिफारिश की जाएगी।