पिनगवां। सोमवार को फिर दिल्ली की एक
मारुति कार से करीब सवा 3 लाख रुपए बरामद किए गए। विधानसभा चुनावों के मद्देनजर जिले के मुख्य मार्गों पर फ्लाइंग स्कवाड के सदस्यों द्वारा वाहनों की चेकिंग के दौरान रकम मिलना जारी है। बीते रविवार को पौने 5 लाख रुपए बरामद हुए थे। पुलिस ने रकम के साथ गाड़ी को जब्त कर नगीना थाना में जमा करा दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चुनाव आयोग के निर्देश पर उपमंडल अधिकारी एवं निर्वाचन अधिकारी मीनाक्षी राज गोयल की टीम के सदस्य बच्चू सिंह आकेड़ा-शिकरावा रोड पर चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान दिल्ली की स्विफ्ट मारुति कार डीएल 2सी-एके 6176 आती दिखी। जांच के दौरान कार से 3 लाख 9 हजार 500 रुपये की नगदी पकड़ी है। चालक सूर्य प्रताप इस रकम के संबंध में जरूरी दस्तावेज नहीं दिखा सका, जिसके कारण उसकी गाड़ी व रकम को जब्त कर नगीना थाने में जमा करा दिया गया है। गाड़ी में चालक सूर्य प्रताप के साथ दो अन्य व्यक्ति भी मौजूद थे। बच्चू सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी उपायुक्त मेवात, उपाधीक्षक मेवात, एसडीएम व डीएसपी को दे दी गई है। गाड़ी चालक को जब्त रकम के संबंध में जरूरी कागजात दिखाने के लिए 7 दिन का समय दिया गया है।