गुड़गांव। जिला प्रशासन ने चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने अखबारों की प्रति के साथ मंगलवार को डाले गए दो पृष्ठों के विज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी उमेश अग्रवाल को चुनाव आयोग की आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के लिए नोटिस जारी कर 48 घंटे में जवाब देने के लिए कहा है। आचार संहिता लागू होने के बाद प्रशासन की यह पहली कार्रवाई है।
मंगलवार को हाकरों ने अखबारों के साथ दो पृष्ठों का विज्ञापन डाला था, जिसमें भाजपा प्रत्याशी उमेश अग्रवाल के बारे में बताया गया था। एक पृष्ठ में समाचार पत्रों में पहले प्रकाशित समाचारों की क्लिपिंग छपी हुई थी तथा दूसरी तरफ भाजपा प्रत्याशी उमेश अग्रवाल के चित्र के साथ उनकी प्राथमिकताएं प्रकाशित की गई थी। इस विज्ञापन को प्रकाशित करने के लिए संबंधित रिटर्निंग अधिकारी से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई और न ही उस विज्ञापन के नीचे प्रिंटिंग प्रेस का नाम तथा पैम्पलेट की संख्या अंकित थी, जोकि चुनाव नियमों के तहत अनिवार्य है।
इसे गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने इस विज्ञापन पर आपत्ति दर्ज की है और चुनाव आयोग की आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किए जाने के बारे में भाजपा प्रत्याशी को नोटिस जारी किया है।