गुड़गांव। गुड़गांव जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में सोमवार को किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। अब तक जिले में केवल बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में एक आजाद उम्मीदवार द्वारा ही नामांकन भरा गया है, जो 20 सितंबर को पहले ही दिन भरा गया था। सोमवार को नामांकन का दूसरा दिन था। सभी विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारी नामांकन कार्यालयों में नामांकन के लिए इंतजार करते रहे, लेकिन कोई प्रत्याशी नहीं आया। गुड़गांव से इनेलो प्रत्याशी 24 सितंबर को नामांकन करेंगे।
माना जा रहा है कि प्रत्याशी
श्राद्ध के कारण नामांकन जमा करवाने नहीं पहुंच रहे हैं। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शेखर विद्यार्थी ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा हिदायतानुसार नामांकन दाखिल करते समय उम्मीदवार व उनके समर्थकों के केवल तीन वाहनों को ही रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय की 100 मीटर परिधि में प्रवेश करने की अनुमति है। इसके अलावा, नामांकन दाखिल करते समय रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में उम्मीदवार के अलावा चार अन्य व्यक्तियों को अंदर आने की अनुमति है, जिनमें उनके प्रस्तावक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को नामांकनों की छंटनी होगी। नामांकन करने वाले प्रत्याशी 1 अक्टूबर 2014 को दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन वापिस ले सकते हैं।
फोटो- बादशाहपुर विधानसभा चुनाव क्षेत्र के नामांकन कक्ष में खाली बैठे अधिकारी।