फिरोजपुर झिरका। बिना अनुमति के सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए होर्डिंग्स को सहायक चुनाव अधिकारी मीनाक्षी राज गोयल ने उतरवा दिया। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर लगे होर्डिंग्स लगाने वाले प्रत्याशी को नोटिस भेजने की तैयारी कर ली है।
स्थानीय उपमंडल अधिकारी मीनाक्षी राज गोयल ने अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किसी भी पार्टी के नेता को नहीं करने दिया जाएगा। इलाके में शांतिपूर्वक चुनाव कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। उन्होंने बताया कि मुख्य मार्ग पर लगे सभी पार्टियों के प्रत्याशियों के बैनर व होर्डिंग उतार दिए गए हैं। संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली जा रही है।
मीनाक्षी राज ने बताया कि चुनाव में प्रयोग किए जाने वाले वाहनों की परमिशन के लिए अलग से स्टाफ नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा रैली के लिए शमशुद्दीन पार्क का स्थान तय किया गया है। उन्होंने बताया कि लाउडस्पीकर की अनुमति लेना अनिवार्य है। डीजे बजाने पर पूरी पाबंदी रहेगी।
फोटो- अलवर मुख्य मार्ग पर अवैध होर्डिंग को उतारते कर्मचारी।