गुड़गांव। युवाआें को आकर्षित करने का एक भी तरीका उम्मीदवार छोड़ना नहीं चाह रहे हैं।
फेसबुक के माध्यम से क्षेत्र में किए गए पुराने कार्यों की याद दिलाई जा रही है। क्षेत्र में आम लोगों के प्रति संवेदनशीलता का परिचय दिया जा रहा है, ताकि युवा वर्ग प्रभावित हो सके। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में आधुनिक तरीकों से मतदाताओं के पास पहुंचने का प्रयास जारी है। उम्मीदवार और टिकट की बाट जोह रहे नेताओं ने अलग से अपने नाम का वेबसाइट बनवाया है। इस साइट पर नेताजी से संबंधित सभी सूचनाएं उपलब्ध हैं। वेबसाइट की लिंक को फेसबुक से जोड़ दिया गया है, ताकि लोगों को सभी जानकारी आसानी से एक ही जगह मिल सके। युवा मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। ज्यादातर कामकाजी हैं। नई तकनीक से युवाओं को लुभाने के लिए अपना परिचय दे रहे हैं।
उपलब्धियों का कर रहे बखान: पुरानी तस्वीरों से यादें ताजा की जा रही हैं। उपलब्धियों का बखान किया जा रहा है। ऑफिस में बैठे युवा उम्मीदवारों का परिचय खंगाल रहे हैं। अभी कुछ विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा-इनेलो ने प्रत्याशियों की घोषणा की है। अभी कांग्रेस के उम्मीदवारों की घोषणा होनी बाकी है। कंप्यूटर हार्डवेयर इंजीनियर सतीश कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए नेताओं की जानकारी मिल जा रही है। पहले यह संभव नहीं था। पुरानी तस्वीर भी डाली जा रही है, जिससे युवा पीढ़ी को उनके कामों की जानकारी मिल सके।
फोन से मिल रहा है निमंत्रण
कार्यालय खोलने तक की सूचना मतदाताओं को फोन से दी जा रही है। इसके लिए एक भाजपा प्रत्याशी द्वारा रिकॉर्डेड काॅल किया जा रहा है। भागम-भाग के इस दौर में आसानी से लोगों तक सूचनाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। मतदाता भी मान रहे हैं कि इस तरह के प्रयास से समय की बर्बादी कम होती है।