गुड़गांव । जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए वोटिंग ताऊ ने शनिवार को विकास सदन सहित बसई गांव व बादशाहपुर के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर लोगों को मतदान करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। वोटिंग ताऊ जब लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए तैयार किए गए विशेष वाहन में सवार होकर निकले तो लोगों की निगाहें उन्हीं पर थम कर रह गई। वोटिंग ताऊ मतदान करने संबंधी रंग-बिरंगे पोस्टरों व बैनरों से सजी बस में सवार होकर लोगों के बीच पहुंचे तो लोगों ने उनका गर्म-जोशी से स्वागत किया।
वोटिंग ताऊ ने अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय सहित बसई गांव के विभिन्न स्थानों में जाकर मतदाताओं को 15 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। गौरतलब है कि पिछले चुनावों के मद्देनजर वोटिंग ताऊ ने लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया था, जिससे वे लोगों के बीच काफी लोकप्रिय बने। इस दौरान लोगों में वोटिंग ताऊ को लेकर काफी उत्सुकता देखने को मिली। स्थानीय निवासी मनोज कुमार ने वोटिंग ताऊ पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मैंने वोटिंग ताऊ के बारे में बहुत सुना है लेकिन उन्हें वोटिंग ताऊ से मिलकर मतदान संबंधी कई नई-नई बातों की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि वोटिंग ताऊ की सबसे अच्छी बात यह है कि वोटिंग ताऊ लोगों को बहुत की सरल शब्दों में मतदान संबंधी जानकारी देते हैं। इतना ही नहीं, वोटिंग ताऊ समाज के शिक्षित वर्ग से लेकर अनपढ़ लोगों के मतदान संबंधी संशयों को भी दूर करते हैं। एक अन्य निवासी, सुशील राघव ने वोटिंग ताऊ पर बोलते हुए कहा कि वोटिंग ताऊ से उन्हें मतदान करने संबंधी कई नई बातें जानने को मिलीं।
वोटिंग ताऊ ने उन्हें मतदान केन्द्रों की जानकारी देने के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों जैसे टोल फ्री नंबरों व वेबसाइटों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि वोटिंग ताऊ लोगों का मनोरंजन करते हुए उन्हें मतदान करने संबंधी जानकारी देते हैं जिससे लोगों का मनोरंजन तो होता ही है साथ ही लोगों को कई महत्वपूर्ण जानकारी भी मिलती है। छात्रा कोमल ने वोटिंग ताऊ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वोटिंग ताऊ के होने से चुनावी मौसम और भी खुशनुमा हो गया है। उन्होंने वोटिंग ताऊ को आश्वासन दिया कि वे न केवल स्वयं अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगी बल्कि अपने माता-पिता, मित्रों व अपने परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित किया।
फोटो- विधानसभा चुनाव में मतदान करने के लिए लोगों को जागरूक करते वोटिंग ताऊ।