गुड़गांव. डीएलएफ फेज दो थाना क्षेत्र में बदमाशों ने दिल्ली हाईकोर्ट के वकील को उसके घर में चाकू की नोक पर बंधक बनाकर लूटपाट की। बदमाश वहां से नगदी, मोबाइल व अन्य कीमती सामान लूटकर ले गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बदमाशों को पकड़ने के लिए डीएलएफ-फेज-दो थाना के अलावा क्राइम ब्रांच की सभी टीमें जुट गई हैं।
दिल्ली हाईकोर्ट के वकील प्रदीप नरुला डीएलएफ फेज-दो क्षेत्र स्थित अपने घर पर सोए थे। उनका 20 वर्षीय बेटा दूसरे कमरे में सोया था। प्रदीप की पत्नी रिश्तेदारी में गई थी। रात करीब ढाई बजे चार युवक उनके घर में घुस गए और प्रदीप को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने एक कपड़े से उसके हाथ बांध कर उसी के पलंग से उसे बांध दिया। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखी नगदी व अन्य कीमती सामान को समेट लिया। इसके अलावा बदमाश जाते समय एडवोकेट के मोबाइल फोनों को भी ले गए।
बदमाशों के फरार होने के बाद जैसे-तैसे कर प्रदीप अपने बेटे के कमरे तक पहुंचा और शोर मचा दिया। शोर-शराबा सुनकर उसका बेटा व भाई सभी जाग गए। प्रदीप के पास पहुंच कर उसके हाथों को खोल दिया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस कंट्रोल रूम को वारदात की सूचना दे दी। उधर आस-पास के लोग भी प्रदीप के घर जमा हो गए। कुछ देर बाद ही डीएलएफ फेज-दो थाना पुलिस के साथ क्राइम यूनिट की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरु कर दी। मामले की जांच कर रहे एएसआई जगदेव ने बताया कि बदमाश एडवोकेट प्रदीप नरुला के घर से करीब 27 हजार रुपए व दो मोबाइल फोन के अलावा अन्य कीमती सामान लूट कर फरार हो गए हैं।