पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अपराधी बेलगाम, खौफजदा खास-ओ-आम, टक्कर मार लूटी पुलिस की कारबाइन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गुड़गांव। शनिवार की देर रात करीब साढ़े 12 बजे तीन स्कार्पियो कार सवार बदमाशों ने पुलिस राइडर को टक्कर मार कारबाइन लूट ली। टक्कर से राइडर में सवार दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसी हथियार के बल पर पेट्रोल पंप पर भी लूट की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। पुलिस राइडर से हथियार लूटने की सूचना से पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में सीपी ने आधा दर्जन पुलिस की टीमों को बदमाशों के पीछे लगा दिया। और पड़ोसी राज्यों के जिलों को भी इस वारदात से अवगत करा दिया। रविवार की सुबह बदमाशों की मेवात पुलिस से मुठभेड़ हुई जिसमें तीनों बदमाशों को काबू कर लिया गया। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।
पुलिस कमिश्नर नवदीप सिंह विर्क ने बताया कि शनिवार की रात करीब साढ़े 12 बजे ओल्ड दिल्ली रोड से स्कार्पियो सवार तीन बदमाशों ने पुलिस राइडर से कारबाइन और 10 राउंड लूट लिया। राइडर में सवार दो पुलिस कर्मियों को घायल कर दिया। इस वारदात को अंजाम देने के कुछ समय बाद ही बदमाशों ने सेक्टर-10 स्थित एक पेट्रोल पंप पर डीजल भरवा लिया और लूट की कारबाइन के बल पर सेल्स मैन को भय दिखाकर बिना भुगताना किए ही मौके से फरार हो गए। कारबाइन लूट की घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया।
पुलिस की आधा दर्जन टीमों को मामले की जांच में लगा दिया गया। जांच में स्कार्पियो का नंबर एचआर13 जी-7707 पुलिस को मिल गया। यह नंबर झज्जर जिले के गांव बादली निवासी अजीत के नाम से रजिस्टर्ड था। पुलिस की टीम झज्जर पहुंच गई और अजीत से पूछताछ करने लगी। अजीत ने पुलिस को बताया कि उसका दोस्त हितेश उसकी गाड़ी मांग कर ले गया है और अपनी गाड़ी छोड़ गया था। पुलिस को हितेश के बारे में पूरी जानकारी अजीत ने दे दी। इसके साथ ही पुलिस ने मेवात, दिल्ली और रेवाड़ी पुलिस प्रशासन को इस वारदात की जानकारी दे कर नाकाबंदी करने को कह दिया।

रविवार की सुबह करीब 6 बजे मेवात के नूंह अकेड़ा पुलिस नाका पर इस गाड़ी को पुलिस कर्मियों ने पहचान लिया और जब उन्होंने गाड़ी को रोकने का इशारा किया तो कार सवार बदमाशों ने पुलिस कर्मियों पर गोली चलानी शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। अपने को चारों ओर से घिरा देख बदमाशों ने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने तीनों बदमाशों को काबू कर लिया। और उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कारबाइन, एक राउंड और स्कार्पियो बरामद कर ली।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान मूल रूप से झज्जर जिले के बहादुरगढ़ निवासी 23 वर्षीय सुमीत, गढ़ी हरसरू निवासी 23 वर्षीय हितेश और रोहताश के रूप में हुई। सुमीत वर्तमान में सेक्टर-5 में रह रहा है। पुलिस इन तीनों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती पूछताछ और जांच में पुलिस को पता चला है कि सुमीत और हितेश आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। ये दोनों पुलिस के साथ मुठभेड़ के आरोप में 7 साल की सजा काट रहे हैं लेकिन कुछ दिनों पहले दोनों बेल व पेरोल पर जेल से बाहर निकले हैं।

घायल पुलिसकर्मियों से मिले सीपी

कार सवार बदमाशों ने ओल्ड दिल्ली रोड पर पुलिस राइडर की बाइक को अपनी गाड़ी से टक्कर मार दी थी। उसके बाद उनकी कारबाइन लेकर फरार हो गए थे। टक्कर लगने से राइडर पर सवार सेक्टर-14 पुलिस चौकी पर तैनात कांस्टेबल सुरेंदर और देवेंदर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सिविल अस्पताल में एडमिट कराया। रविवार की दोपहर पुलिस कमिश्नर नवदीप सिंह विर्क ने सिविल अस्पताल पहुंच कर दोनों राइडर से हाल चाल पूछा और घटना की जानकारी भी ली।
^कारबाइन लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनसे लूटी गई कारबाइन व राउंड के साथ वारदात में प्रयोग की गई स्कार्पियो कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।
नवदीप सिंह विर्क, पुलिस कमिश्नर
लूटपाट के बाद छिनी स्कॉर्पियो बरामद
बीते शुक्रवार को मालव गांव में शिव मंदिर अध्यक्ष अनिल कुमार गोयल के साथ हुई लूटपाट के बाद छिनी स्कॉर्पियो गाड़ी को पुलिस ने बरामद कर लिया है। स्कॉर्पियो गाड़ी की बरामदगी से पुलिस ने राहत की सांस ली है। लेकिन अभी तक इस मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तार नहीं हो सकी है। आरोपियों ने पुलिस की वर्दी में नीली बत्ती गाड़ी में सवार होकर वारदात को अंजाम दिया था। ऐसे आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करना पुलिस के लिए चुनौती है। पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
उल्लेखनीय है कि मेवात में हो रही लूटपाट की घटनाओं से इलाके के लोग सहमे हुए हैं। लोगों का पुलिस प्रशासन से विश्वास उठता जा रहा है। गत शुक्रवार रात्रि पुलिस की वर्दी में गुड़गांव-अलवर मुख्य मार्ग पर जिस तरह लूट की दो घटनाओं को अंजाम दिया गया था, उससे पुलिस प्रशासन के सारे दावे फेल होते जा रहे हैं। लुटेरे पुलिस की वर्दी में नीली बत्ती कार में सवार थे और पुलिस चौकी के बाद से गुजर रहे थे, मगर पुलिस को भनक तक नहीं पड़ी। इलाके में हो रही ऐसी लूटपाट, डकैती व वाहनों के छीनने की घटनाओं से इलाके की जनता में भारी रोष है।
डकैती व फिरौती मांगने के आरोप में चार गिरफ्तार
पुरानी अनाज मंडी में गत माह एक व्यापारी के प्रतिष्ठान पर हथियारों के बल पर डकैती डालने व फिरौती मांगने के चार आरोपियों को पुलिस ने खोरी से धर दबोचा। पुलिस ने रविवार को आरोपियों को नूंह अदालत में पेश किया, जहां से तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि एक आरोपी को पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया है। इस मामले में पुलिस ने फर्रुखनगर के गांव खरमपुर निवासी हरविन्दर उर्फ फौजी, लोकरी निवासी पैन सिंह, हसनपुर निवासी राहुल व सराय निवासी हरी को खोरी से गिरफ्तार किया। रविवार को नूंह अदालत में पेश कर हरविन्द्र उर्फ फौजी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।