गुड़गांव। चुनाव की घोषणा के साथ ही सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शनिवार से चुनावी कार्यक्रम की शुरुआत गुड़गांव से की। अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित द्रोण रेहड़ी पटरी फेरी कमेटी द्वारा आयोजित रैली में उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की पाॅलिसी के अनुसार रेहड़ी पटरी दुकानदारों को मुआवजे के रूप में 5 लाख मिलेंगे। उनका परिचय पत्र भी बनाया जाएगा। इसके बाद हुड्डा ने कहा कि भाजपा को वोट उसकी नीतियों पर नहीं मिला है। भाजपा ने एक व्यक्ति विशेष के पक्ष में हवा बनाकर वोटरों को बहकाने का काम किया है।
महंगाई कम करने की दिलाई याद
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए अपने एजेंडे को भुला देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने महंगाई कम करने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनते ही महंगाई बढ़ गई। उन्होंने कहा कि डीजल के दाम बढ़ने से कोयला, बिजली, उद्योगों आदि पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। इससे मध्यमवर्ग और किसानों को ज्यादा परेशानी होगी।
सवालों से बचते रहे सीएम
भूपेंद्र सिंह हुड्डा मीडिया के सवालों से बचते नजर आए। कांग्रेस द्वारा अब तक विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों की घोषणा में देरी का कारण पूछे जाने पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। जवाब में केवल इतना बताया कि हाईकमान द्वारा समय पर टिकटों का एलान कर दिया जाएगा। डूसू चुनाव में भाजपा समर्थित पार्टी के उम्मीदवारों के जीतने पर उन्होंने कहा कि डूसू काे वे नहीं जानते, लेकिन चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में कांग्रेस समर्थित पार्टी के उम्मीदवार ही जीतते रहे हैं। कार्यक्रम में करीब पौन घंटे लेट पहुंचे सीएम पूरी तरह से बेफिक्र दिखे।
झलकियां
- राजेंद्र सरोहा ने अपने लंबे संचालन भाषण के बाद सीएम को बोलने के लिए आमंत्रित किया। जब सीएम उठकर माइक के पास आए, तो राजेंद्र सरोहा एक बार फिर लंबा भाषण देने लगे। सीएम को करीब 5 मिनट तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
- सीएम के बगल में बैठने के लिए लोगों में होड़ लगी रही। शुरू में सीमा पाहुजा सीएम के बगल में बैठी दिखीं, तब धर्मवीर गाबा पास में ही खड़े थे। लेकिन जब गाबा बैठने लगे तो सीमा पाहुजा को मजबूरन सीट छोड़नी पड़ी।
- सीएम को अपने घर पर बुलाने की होड़ देखी गई। उन्होंने धर्मबीर गाबा के घर जाकर टिकट का इशारा दे दिया। हालांकि बादशाहपुर विधायक राव धर्मपाल के घर पर कोई कार्यक्रम तय नहीं था। उन्होंने अचानक उनके घर जाकर लोगों को चौंका दिया।