गुडग़ांव. प्रदेश के सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने शुक्रवार को राजस्थान के जिला सीकर के खाटूश्याम में अनोखा श्री श्याम भवन धर्मशाला का उद्घाटन किया। इस शानदार भवन के निर्माण के लिए उन्होंने श्री खाटू श्याम मित्र मंडल सोहना, जिला गुडग़ांव को बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने धर्मशाला के लिए 11 लाख रुपए की राशि देने की भी घोषणा की।
सीएम ने कहा कि श्री खाटू श्याम को श्रीकृष्ण भगवान का अवतार माना जाता है।
घटोत्कच के बेटे बर्बरीक ने जब महाभारत का युद्ध देखने की इच्छा प्रकट की, तो उसकी मां ने कहा कि बेटा हारे हुए की सहायता करना। बर्बरीक मां की आज्ञा मन में धारण कर चल पड़े। वे कृष्ण भक्त थे। रास्ते मे कृष्ण मिले तो उन्होंने गुरु दक्षिणा में उस का शीश मांग लिया, तब बर्बरीक ने कहा, मैं युद्ध कैसे देखूंगा। श्रीकृष्ण ने उसे कटे हुए सिर से महाभारत दिखा दी। यह कहानी सुनाकर हुड्डा ने कहा कि बर्बरीक ने माता और गुरु दोनों का सम्मान रखा। हुड्डा ने कहा कि जो व्यक्ति माता और गुरु का सम्मान करता है, वही जीवन में सफल होता है।
इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष फूलचंद मुलाना ने कहा कि इतनी शानदार धर्मशाला बनाने पर सोहना के श्रद्धालु बधाई के पात्र हैं। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव धर्मबीर सिंह और बादशाहपुर के विधायक राव धर्मपाल ने भी मित्र मंडल को धर्मशाला के निर्माण के लिए बधाई दी। राव धर्मपाल ने अपनी ओर से एक लाख रुपए देने की भी घोषणा की।