पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • घूस लेते हुडा ईओ ऑफिस का असिस्टेंट गिरफ्तार

घूस लेते हुडा ईओ ऑफिस का असिस्टेंट गिरफ्तार, विजिलेंस टीम ने दबोचा

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गुड़गांव। विजिलेंस टीम ने गुरुवार को हुडा इस्टेट ऑफिस-2 के असिस्टेंट रोहताश को पांच हजार रुपए घूस लेते गिरफ्तार किया। आरोपी हुडा कर्मचारी ने प्लॉट ट्रांसफर के लिए पीड़ित से रिश्वत मांगी थी। घूस नहीं देने पर प्लॉट ट्रांसफर उनके नाम नहीं करने की धमकी दी थी। इससे परेशान होकर पीड़ित ने विजिलेंस से शिकायत की। विजिलेंस टीम ने आरोपी कर्मचारी को ऑफिस से रंगे हाथ दबोच लिया। शुक्रवार को आरोपी कर्मचारी को कोर्ट में पेश कर विजिलेंस टीम रिमांड पर लेगी। फिलहाल आरोपी से विजिलेंस पूछताछ कर रही है।

प्लॉट ट्रांसफर के लिए मांगा था घूस

सेक्टर-46 के प्लॉट नंबर 808 निवासी कर्मवीर यादव ने सेक्टर-15 पार्ट-1 के विजिलेंस विभाग में दी शिकायत में आरोप लगाया कि सेक्टर-56 के हुडा इस्टेट ऑफिस-2 के असिस्टेंट रोहताश ने उनका प्लॉट ट्रांसफर के लिए पांच हजार रुपए की रिश्वत मांगी है। यही नहीं, सुविधा शुल्क नहीं देने पर प्लॉट ट्रांसफर नहीं करने की धमकी दी थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस के अधिकारियों ने एक टीम गठित कर आरोपी को पकडऩे के लिए लगा दिया।

विजिलेंस ने हुडा कर्मियों को रंगे हाथ दबोचा

ड्यूटी मजिस्ट्रेट व गुड़गांव बीडीपीओ रामफल के नेतृत्व में विजिलेंस टीम ने हुडा कर्मचारी को गिरफ्तार करने के लिए इस्टेट ऑफिस भेज दिया। इसमें विजिलेंस डीएसपी राधेश्याम, इंस्पेक्टर जगदीश, एएसआई नरेश कुमार, एएसआई भूपेंद्र, हेड कांस्टेबल हरिओम शामिल थे। विजिलेंस टीम ने पीड़ित कर्मवीर यादव को पांच हजार रुपए देकर हुडा के असिस्टेंट रोहताश के ऑफिस में गुरुवार दोपहर बाद 3.15 बजे भेज दिया। ऑफिस के आस पास विजिलेंस टीम के सदस्य सादे वर्दी में तैनात हो गए। पीड़ित कर्मवीर ने जैसे ही हुडा कर्मचारी को पैसे दिया। आसपास खड़ी विजिलेंस टीम ने कर्मचारी को रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी हुडा कर्मचारी को गिरफ्तार कर सेक्टर-15 पार्ट-1 विजिलेंस ऑफिस ले आए। विजिलेंस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी विजिलेंस

विजिलेंस टीम के इंस्पेक्टर जगदीश ने बताया कि शिकायत पर हुडा इस्टेट ऑफिस-2 के असिस्टेंट रोहताश को पांच हजार रुपए घूस लेते गिरफ्तार किया गया है। आरोपी हुडा कर्मचारी से पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार को कोर्ट में पेश करके रिमांड की मांग की जाएगी।
आरोपी कर्मचारी का पंचकूला हुआ था तबादला

घूस लेने के आरोप में गिरफ्तार हुडा कर्मचारी का 1 जनवरी 2015 को पंचकूला हुडा ऑफिस में तबादला कर दिया गया था। तबादला हुए करीब डेढ़ महीने का समय बीत चुका है। वह रिलीव नहीं होने के कारण ईओ ऑफिस का काम-काज कर रहा था।

आरोपी कर्मचारी पर उच्चाधिकारी करेंगे कार्रवाई

हुडा इस्टेट ऑफिसर-2 तरुण कुमार पावरियां ने बताया कि असिस्टेंट रोहताश पांच हजार रुपए घूस लेते पकड़ा गया है। आरोपी कर्मचारी के खिलाफ पंचकूला हुडा हेडक्वार्टर के अधिकारी कार्रवाई करेंगे। आदेश मिलने के बाद ही लोकल स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।