पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Illegal Construction In The Restricted Realm

वायुसेना आयुध डिपो प्रतिबंधित दायरे में आठ अवैध निर्माण गिराए, जमकर हुआ विरोध

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गुड़गांव। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को आयुध डिपो के प्रतिबंधित दायरे में शामिल 8 निर्माणों को गिरा दिया। हाईकोर्ट के आदेश का पालन करने पहुंची टीम को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। भारी पुलिस बल के साथ पहुंची टीम पर लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। लेकिन अधिकारियों ने बीच बचाव कर लोगों को शांत कराया। हालांकि कार्रवाई होने तक लोगों का विरोध जारी रहा। गुरुवार की सुबह करीब साढ़े 6 बजे जिला प्रशासन, नगर निगम एवं पुलिस की संयुक्त टीम कार्रवाई के लिए रवाना हो गई। वायुसेना के आयुध डिपो के प्रतिबंधित दायरे में हो रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ टीम ने कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई शुरू होते ही लोगों ने टीम पर पथराव शुरू कर दिया, लेकिन पुलिस ने भीड़ को जल्द ही तितर-बितर कर दिया।
इसके लिए जिला राजस्व अधिकारी पीडी शर्मा एवं जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेन्द्र को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। टीम में शामिल अधिकारियों ने पथराव करने वाले लोगों को समझाया कि अवैध निर्माणों को तोड़ने का आदेश उच्च न्यायालय द्वारा दिया गया है। भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई की जाएगी, इसलिए पथराव व विरोध करना बेकार है। टीम न्यायालय के आदेशों की पालना कर रही है। इस पर विरोध करने वाले थोड़ा शांत हुए और उसके बाद कार्रवाई को हल्के विरोध के बीच पूरा किया गया। टीम की देखरेख में आयुध डिपो की टूटी दीवार को भी दोबारा से बनाया गया।

टीम में डीसीपी वेस्ट संगीता रानी, एसीपी बलवान सिंह, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त वत्सल वशिष्ठ, अशोक गर्ग व अनु श्योकंद, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर एनडी वशिष्ठ, रमन शर्मा, सीआर बिश्नोई और अमित श्योकंद सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद थे।
फोटो- 900 मीटर दायरे में नगर निगम द्वारा की गई तोड़फोड़ व मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी।