पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंगुड़गांव/पटौदी. हुडा अधिकारियों ने शुक्रवार को अभियान चलाकर सेक्टर-1 में खाली जमीन पर अवैध कब्जों को गिरा दिया। इस जमीन पर वर्षो से लोगों ने अवैध कब्जा कर 20 दुकानें, डेढ़ सौ मीटर लंबी चारदीवारी और तार फैसिंग आदि कर रखी थी।
इन कब्जा धारियों से हुडा दस्ते ने 25 एकड़ जमीन खाली करा ली है। हुडा की इस कार्रवाई का लोगों ने जमकर विरोध किया। लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें दुकानों को खाली करने के लिए समय नहीं दिया गया। दुकानों में रखे सामान का काफी नुकसान हुआ है।
पटौदी में सेक्टर-1 हुडा ने बसाया है। इस सेक्टर की 25 एकड़ जमीन पर लोगों ने अवैध कब्जा कर दुकानें खोल ली थीं। साथ ही कब्जाधारियों ने बाउंड्रीवाल भी कर लिया था। इस जमीन पर कब्जा लेने के लिए हुडा अधिकारी काफी समय से परेशान थे। हुडा प्रशासक डॉ.प्रवीण कुमार ने भी लैंड खाली कराने के आदेश दिए थे।
एस्टेट ऑफिसर-1 के सब डिवीजनल इंजीनियर सर्वे रतन सिंह सिवाच, जेई एनके राणा, अजमेर सिंह, विरेंद्र चौहान के अलावा पुलिस कर्मियों को साथ लेकर शुक्रवार दोपहर मौके पर पहुंचे। हुडा का तोड़फोड़ दस्ता अचानक पटौदी हेलीमंडी रोड स्थित सेक्टर-1 पहुंचा।
इसके बाद जेसीबी मशीन से अवैध कब्जों को गिराना शुरू कर दिया गया। मौके पर एकत्र भीड़ ने तोड़-फोड़ दस्ते का विरोध करना शुरू किया। लेकिन तोड़फोड़ दस्ते के आगे उनकी एक न चली। जमीन पर जो भी अवैध कब्जा मिला,उसका दस्ते ने सफाया कर दिया।
एसडीई सर्वे रतन सिंह सिवाच ने बताया कि इस कार्रवाई में 20 दुकानें, बाउंड्रीवाल, तार फैंसिंग आदि को ढहाकर कब्जा मुक्त करा लिया गया। इस अभियान के तहत 25 एकड़ जमीन कब्जा धारियों से खाली करा ली गई है। विरोध करने व कॉलोनी काटने वाले लोगों को चेतावनी दी गई कि दोबारा हुडा लंड पर कब्जा किया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.