गुड़गांव. सेक्टर-51 स्थित आर्टिमिस अस्पताल में एक
इराकी पुलिस ड्राइवर द्वारा एक 45 वर्षीया महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी
इराकी नागरिक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इराकी पुलिस में ड्राइवर है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दिया है। सदर थानाधिकारी विजय कुमार ने बताया कि इराक में ड्राइवरी का काम करने वाले एक व्यक्ति पर 45 वर्षीय महिला के साथ छेड़छाड़ की सूचना मिली थी।
उन्होंने बताया कि सेक्टर-5 निवासी महिला ने आरोप लगाया कि आर्टिमिस अस्पताल में उसके बेटे का इलाज चल रहा है। जब वह अस्पताल की लिफ्ट से नीचे जा रही थी, तभी लिफ्ट में खड़े एक इराकी नागरिक ने उसके साथ गलत हरकत की। लिफ्ट से निकलने के बाद महिला ने अस्पताल के सुरक्षाकर्मी से इसकी शिकायत की। इस पर सुरक्षाकर्मी ने उसे बताया कि इराकी नागरिक ने उनसे पहले एक महिला गार्ड से भी छेड़छाड़ की थी। इसके बाद पीड़ित महिला ने पुलिस को सूचित किया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी इराकी नागरिक मुश्ताक मुनीर शाकिर अलासाफ के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर उसे अस्पताल परिसर से गिरफ्तार कर लिया।
एसएचओ ने बताया कि आरोपी के चाचा का आर्टिमिस में कैंसर का इलाज चल रहा है। इसी के चलते वह यहां आया था। पुलिस ने आरोपी का पासपोर्ट व वीजा आदि जब्त कर इराकी एम्बेसी को इसकी सूचना दे दी है।