पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंगुड़गांव. एक युवती की ई-मेल आईडी हैक कर कोई उसे अश्लील फोटो व मैसेज भेजता था। युवती साइबर सिटी की एक बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर है। आरोपी मैसेज के जरिए युवती की निजी बातें उससे शेयर करता व उसे परेशान करता था। उसके परिचितों के मोबाइल नंबर हैक कर उसे परेशान करता था।
काफी परेशान होने पर दो दिन पहले युवती ने पुलिस कमिश्नर को मामले की शिकायत दी। बुधवार को जांच के दौरान साइबर सेल की टीम ने आरोपी को ढूंढ निकाला जो युवती का बेहद करीबी परिचित निकला। युवक ने अपनी हरकत के लिए माफी मांगी जिसके बाद दोनों के परिजनों की मौजूदगी में समझौता हो गया।
युवती ने लिखित में दिया है कि वह इस मामले में एफआईआर नहीं चाहती। युवती ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी थी कि उसके ही नाम से बनी एक मेल आईडी से कोई उसे न्यूड फोटोग्राफ भेज रहा है। साथ ही अश्लील भाषा वाली मेल व मैसेज उसे भेजे जा रहे हैं। उसके परिचितों के मोबाइल नंबर हैक कर आरोपी उसके मोबाइल पर कॉल कर उसे परेशान कर रहा है।
युवती के अनुसार आरोपी उसके चचेरे भाई, मामा व सगे भाई आदि के मोबाइल नंबर हैक कर उसे कॉल कर रहा था। युवती को आरोपी धमकाता था कि उसे कोई नहीं पकड़ सकता। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर आलोक मित्तल ने जांच साइबर क्राइम सेल के इंचार्ज सुरेश कुमार को दी।
साइबर सेल की टीम ने गुरुवार सुबह तकनीकी आधार पर आरोपी को ढूंढ निकाला। आरोपी व उसके परिजनों के साथ ही शिकायतकर्ता युवती व उसके परिजनों को भी साइबर सेल बुलाया गया। पहले तो आरोपी युवक ने आरोपों से इंकार कर दिया। लेकिन साइबर सेल की टीम द्वारा सबूत दिखाने पर उसने गुनाह कबूल कर लिया।
दोनों परिवार पहले से परिचित हैं। इसलिए दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से मामले में समझौता कर लिया। युवती ने पुलिस कमिश्नर को लिखित में दिया है कि वह इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहती। वहीं मामले को दो दिन में ही सुलझाने पर पुलिस कमिश्नर ने साइबर सेल की हौसला अफजाई की है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.