गुड़गांव. बादशाहपुर की गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकंडरी स्कूल में बारहवीं में पढ़ने वाली एक और छात्रा गायब हो गई। पिछले एक सप्ताह में स्कूल की दो छात्राओं के गायब होने से इलाके में लोग परेशान हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को बादशाहपुर में रहने वाले एक परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 17 साल की बेटी बादशाहपुर स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकंडरी स्कूल की बारहवीं की छात्रा है।
दो दिन पहले वह स्कूल के लिए निकली, लेकिन घर ही नहीं लौटी। दो दिन तक लगातार खोजबीन के बाद किशोरी के अपहरण की आशंका को देखते हुए परिजनों ने पुलिस में मामला दर्ज कराया। इससे पहले भी 21 जनवरी को इसी स्कूल की बारहवीं की छात्रा स्कूल से कहीं संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई। उसके बारे में अबतक कोई सुराग नहीं मिला है। एक हफ्ते में बादशाहपुर में किशोरियों के गायब होने के दो मामले सामने आने के बाद पुलिस भी सकते में आ गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव में दो घटनाएं सामने आने के बाद ग्रामीणों में दहशत है। उन्होंने पुलिस से तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। बादशाहपुर थाना प्रभारी के अनुसार पुलिस गहनता से किशोरियों की खोजबीन कर रही है।