गुड़गांव | पटौदी के जनौला गांव के पास एचपी पेट्रोल पंप पर शनिवार की देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने सेल्स मैन से हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। पेट्रोल पंप में अटेंडेंट की शिकायत पर पुलिस ने पटौदी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कमिश्नर नवदीप सिंह विर्क ने बताया कि शनिवार की शाम करीब 9 बजे पटौदी पुलिस थाने को वारदात की जानकारी मिली।
हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर कार्यरत सेल्स मैन मुनेंद्र ने पुलिस को अपनी शिकायत दी। अपनी शिकायत में मुनेंद्र ने बताया कि करीब 8.25 बजे
होंडा बाइक पर दो युवक सवार हो आए। आते ही उन्होंने 500 रुपए का पेट्रोल उनकी बाइक में डालने को कहा। 500 रुपए का पेट्रोल डालने के बाद जब मुनेंद्र ने उनसे 500 रुपए मांगे तो उन्होंने हथियार निकाल लिया और उसके शरीर पर सटा दिया।
बाइक सवार बदमाशों ने उसके पास रखी सारी रकम मांगने लगे और नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। मुनेंद्र से बदमाशों ने 45 हजार रुपए निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। मुनेंद्र ने तुरंत पेट्रोल पंप मालिक और पटौदी थाने में लूट के वारदात की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पटौदी थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई।
सीपी ने बताया कि शुरुआती जांच में पुलिस को पेट्रोल पंप पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे से लूट की पूरी वारदात की फुटेज मिली है। जिससे लुटेरों की पहचान कर ली गई है। लुटेरों के खिलाफ पटौदी थाने में लूट व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। ।
(फोटो- सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए बदमाश।)