पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंगुड़गांव. इसे नगर निगम प्रशासन की मेहरबानी कहें या अनदेखी, बैंक्वेट हॉल बिना एनओसी लिए ही धड़ल्ले से चल रहे हैं। न तो व्यावसायिक नक्शा पास किया गया है और न ही इन्होंने संबंधित विभागों से एनओसी ली है। कई वर्षो से अवैध रूप से चलने वाले ये बैंक्वेट हॉल मालिक हर सीजन में लाखों कमा रहे है। निगम अधिकारियों की लापरवाही से निगम को लाखों का नुकसान हो रहा है। अब जाकर निगम अधिकारियों ने बैंक्वेट हॉल पर कार्रवाई करने के लिए निगम के सीए को पत्र लिखा है। अधिकारियों के अनुसार आदेश मिलते ही बैंक्वेट हॉल संचालकों को नोटिस भेजा जाएगा।
कहीं नक्शा पास नहीं, तो कहीं रिहायशी रेट पर
गुड़गांव में करीब 50 बैंक्वेट हॉल में से 35 आयुध डिपो के 900 मीटर दायरे में आते हैं। नगर निगम के अधिकारियों की मानें तो शहर के ज्यादातर बैंक्वेट हॉल मालिकों ने नक्शा पास नहीं कराया है। 900 मीटर दायरे के बाहर बैंक्वेट हॉल मालिकों ने रिहायशी रेट पर नक्शा तो पास करा रखे हैं, लेकिन निर्माण अपनी मर्जी से किया है। नगर निगम प्रशासन के सर्वे में सभी बैंक्वेट हॉल बिल्डिंग बाइलॉज 1982 के उल्लंघन के दोषी पाए गए।
राहत की उम्मीद कम
नगर निगम द्वारा बैंक्वेट हॉल के व्यावसायिक रेट के आधार पर नक्शा पास कराने के लिए जल्द नोटिस भेजा जाएगा। व्यावसायिक रेट के आधार पर नक्शा पास कराने की फीस लाखों रुपए बनती है। कई बैंक्वेट हॉल बने पांच से दस साल हो चुके हैं। इस बार निगम की ओर से राहत की उम्मीद कम ही दिख रही है।
सीजन में बुकिंग फुल
29 अप्रैल से लेकर 5 जून तक शादी का सीजन है। एक बैंक्वेट हॉल मालिक ने बताया कि इसके लिए 50 हजार रुपए से लेकर डेढ़ लाख रुपए प्रति समारोह के हिसाब से बैंक्वेट हॉल बुक हैं। सीजन में कई बैंक्वेट हॉल मालिकों ने एक से डेढ़ दर्जन शादियां बुक कर रखी हैं। बैंक्वेट हॉल मालिक ने बताया कि व्यावसायिक रेट पर नक्शा पास कराने पर 15 गुणा ज्यादा राशि जमा करानी पड़ेगी। वहीं, नगर निगम की ज्वाइंट कमिश्नर वीना हुड्डा ने कहा कि आयुध डिपो के 900 मीटर में आने वाले बैंक्वेट हॉलों में निर्माण कार्य होते देख किसी भी समय तोड़ा जा सकता है।
बैंक्वेट हॉल मालिक नियमों के तहत फीस जमा कराकर अनापत्ति प्रमाण ले लें। उन्हें नोटिस देने के लिए निगम सीए को पत्र लिखा गया है। निर्देश मिलते ही नोटिस जारी कर ट्रेड लाइसेंस एक्ट के तहत इन्हें सील किया जा सकता है।
वीना हुड्डा, ज्वाइंट कमिश्नर, नगर निगम
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.