पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Panchayati Happening On The Ground, Illegal Mining, Poor Administration

पंचायती जमीन पर हो रहा अवैध खनन, प्रशासन लाचार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पुन्हाना। पुन्हाना खंड के गांव शाहचौखा में दबंग लोगों द्वारा पंचायती जमीन पर कब्जा कर अवैध रूप से रेत खनन किया जा रहा है। इससे प्रदेश सरकार को करोड़ों रुपए राजस्व का नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसकी शिकायत उन्होंने कई बार तत्कालीन जिला उपायुक्त से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

शाहचौखा में 30 एकड़ पंचायती जमीन पर पहाड़ी रेत के टीले हैं। इसपर गांव के दबंग लोगों ने कब्जा कर लिया है। रेत माफिया भारी मात्रा में खनन कर प्रतिदिन ग्राम पंचायत को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा रहे हैं।

ग्रामीण व ब्लाॅक समिति सदस्य इब्राहिम खान, हसन मोहम्मद, रफीक खान आदि का कहना है कि ग्राम पंचायत की लगभग 30 एकड़ जमीन पर गांव के कुछ दबंग लोगों की मदद से बाहरी लोगों ने अवैध कब्जे कर लिए और भारी मात्रा में रेत खनन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व सरपंच केसर खान के कार्यकाल में इस रेतीली पंचायती जमीन पर कोर्ट द्वारा स्टे भी लगवाया गया, ताकि इस जमीन पर रेत माफिया सक्रिय नहीं हों और न ही इस जमीन पर ग्रामीणों द्वारा अवैध निर्माण किया जा सके।

ग्रामीणों ने इसकी शिकायत पहले भी तत्कालीन जिला उपायुक्त आरसी वर्मा व विनय सिंह यादव से की। लेकिन अभी तक उनकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हुई है। इस संबंध में एसडीएम मीनाक्षी राज गोयल ने बताया कि उनसे पूर्व तत्कालीन एसडीएम इस मामले में एक रिपोर्ट तैयार कर जिला उपायुक्त कार्यालय में भिजवा चुके हैं। उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि यदि अवैध रूप से रेत खनन किया जा रहा है, तो वे इसकी जानकारी लेंगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगी।