पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पुलिस व निगम ने मिलाए हाथ, अब बदलेगी सड़कों की तस्वीर

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

गुड़गांव. नगर निगम क्षेत्र में सभी सड़कों पर अगले एक महीने में लेन मार्किग, स्टॉप लाइन, जेब्रा क्रॉसिंग आदि रोड मार्किग की जाएगी। नगर निगम क्षेत्र में पड़ने वाले गुड़गांव शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू करने के लिए एक बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में गुड़गांव पुलिस आयुक्त आलोक मित्तल, नगर निगम आयुक्त पीसी मीणा, डीसीपी ट्रैफिक भारती अरोड़ा, निगम के मुख्य अभियंता बी एस सिंगरोहा, नगर निगम आयुक्त वीणा हुड्डा व अंजू चौधरी सहित ट्रैफिक पुलिस व नगर निगम के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनाने, सड़कों के साथ लगे अतिक्रमण हटाने और सदर बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगाने पर विचार किया गया। इस दौरान सदर बाजार में चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी लगाने पर भी चर्चा हुई।

सड़कों पर गलत तरीके से वाहन खड़ी करने पर उन्हें क्रेन से उठाया जाएगा। पुलिस कमिश्नर आलोक मित्तल ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था सही करने के लिए जरूरी है कि सभी सड़कों पर लेन मार्किग हो, रोड साइनेज ठीक हों और ट्रैफिक लाइट्स दुरुस्त हों। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक लाइट्स चालू हालत में होने और टाइमर लगे होने की निगरानी की जानी चाहिए।

इसके अलावा ट्रैफिक लाइटों के टाइमिंग का अध्ययन कर उसे सही तरीके से सेट किया जाए। उन्होंने कहा कि रोड साइनेज इंडियन रोड कांग्रेस के मानदंडों के अनुरूप होने चाहिए। स्पीड ब्रेकर तारकोल-कंकरीट से बनाए जाएं। साथ ही पीले व काले रंग के ब्रेकर न लगाए जाएं। चालकों की सुविधा के लिए काली व सफेद रंग की पट्टियां बनी हों। ब्रेकर से 50 मीटर पहले भी साइनेज होने चाहिए।

भेजा 56 करोड़ का प्रस्ताव : पुलिस आयुक्त ने शीतला माता मंदिर रोड व पुराने दिल्ली रोड पर स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए। इस पर मीणा ने बताया कि महावीर चौक से लेकर डूंडाहेड़ा तक पुरानी दिल्ली रोड को सुदृढ़ करने, इसके बीच में सेंट्रल वर्ज बनाने व दोनों तरफ फुटपाथ बनाने के लिए 56 करोड़ रुपए का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है। इसी प्रकार बजघेड़ा के निकट रेलवे फाटक पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात के लिए अंडरपास बनाने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश निगम अधिकारियों को दिए हैं।

पुरानी दिल्ली रोड पर डूंडाहेड़ा गांव में हनुमान मंदिर से कापसहेड़ा बॉर्डर तक सड़क के दोनों ओर दुकानदारों तथा रेहड़ी वालों के अतिक्रमण से ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है। पुलिस आयुक्त ने कहा कि उस स्थान पर नगर निगम तथा ट्रैफिक पुलिस दोनों मिलकर अभियान चलाएं। महावीर चौक पर भी फुटओवर ब्रिज बनाने का निर्णय बैठक में लिया गया।

हटाए जाएंगे चौक

एमडीआई चौक पर लगने वाले ट्रैफिक जाम को देखते हुए उसे हटाने का निर्णय लिया गया है। पुलिस आयुक्त ने कहा कि गांव कापसहेड़ा व पुरानी दिल्ली रोड की बाईं तरफ बसी कॉलोनियों से 60-70 हजार श्रमिक रोज काम के सिलसिले में उद्योग विहार जाते हैं। इससे डूंडाहेड़ा में पुरानी दिल्ली रोड पर सुबह व शाम ट्रैफिक जाम हो जाता है। इस पर निगम आयुक्त पीसी मीणा ने कहा कि इस समस्या को सुलझाने के लिए डूंडाहेड़ा बॉर्डर पर फुटओवर ब्रिज बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया है। अग्रसेन चौक पर ट्रैफिक जाम के समाधान के लिए मीणा ने राइट्स कंपनी से तकनीकी सहायता मांगने का सुझाव दिया।

यहां लगेंगी ट्रैफिक लाइट्स

बैठक में सोहना चौक, न्यू रेलवे रोड, कोर्ट टी-प्वाइंट, माता चिंतपूर्णी चौक, अग्रसेन चौक, कल्याणी अस्पताल के निकट ओल्ड डीएलएफ चौक, हिमगिरी चौक और खांडसा चौक पर ट्रैफिक लाइट्स लगाने का निर्णय भी लिया गया। इसी प्रकार, ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के लिए अतुल कटारिया चौक और टेलीफोन एक्सचेंज चौक पालम विहार के आकार छोटे करने पर सहमति व्यक्त की गई।