पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

कार्रवाई करने पहुंची पुलिस का विरोध कर सड़क पर लगाया जाम

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गुड़गांव। मुखबिर की सूचना पर भाजपा नेता कमल यादव के खिलाफ कार्रवाई करने गई क्राइम ब्रांच की टीम का ग्रामीणों ने विरोध कर रोड जाम कर दिया। ग्रामीणों ने क्राइम ब्रांच की टीम के चार सदस्यों पर रिश्वत मांगने व जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया। लोगों ने क्राइम ब्रांच पर आए दिन परेशान करने का आरोप लगा कर सोहना रोड को घंटों तक जाम कर दिया। स्थानीय थाना प्रभारी संदीप कुमार ने अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को समझा कर जाम को खुलवाया।

थाना प्रभारी ने बताया कि बादशाहपुर सोहना रोड के दरबारीपुर रोड को गुरुवार सुबह करीब 11 बजे स्थानीय ग्रामीणों ने पूरी तरह से ट्रैफिक जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि भाजपा के जिला यूथ विंग के पदाधिकारी कमल यादव को क्राइम ब्रांच परेशान कर रही है। इसी कार्रवाई से परेशान ग्रामीणों ने हंगामा कर पुलिस आयुक्त को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। जाम की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर संदीप कुमार अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझा कर मौके से लोगों को हटाया और पुन: ट्रैफिक को सुचारू करवाया।
वहीं ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई करने की मांग की है। संदीप कुमार का कहना है कि उन्हें जो शिकायत मिली है वह उसकी जांच करेंगे। जिसके आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। भाजपा जिला अध्यक्ष तेजपाल तंवर ने बताया कि कमल यादव ने हाल ही में पार्टी ज्वाइन किया है। उन्होंने बताया कि कमल यादव को यूथ विंग का पदाधिकारी बनाया गया है। हालांकि क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के बारे में उन्हें पता नहीं है।
सोहना रोड पर दरबारीपुर के ग्रामीणों द्वारा लगाया गया जाम।