नूंह/गुड़गांव। प्रदेश के सीएम मनोहरलाल खट्टर ने मेवात के पुन्हाना को उपमंडल बनाने, पुन्हाना में गर्ल्स कॉलेज, इंडरी को उप तहसील का दर्जा देने और राजीव गांधी रैनीवेल परियोजना के अधिकारियों के लिए पलवल की बजाय पुन्हाना में बैठने की व्यवस्था करने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने लोगों की समस्याओं व शिकायतों का निपटारा करने के लिए नूंह स्थित लघु सचिवालय में सीएम विंडो खोलने की घोषणा की। हालांकि, चुनाव से पूर्व तत्कालीन सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी पुन्हाना को उपमंडल और गर्ल्स कॉलेज बनाने की घोषणा की थी। सीएम बुधवार को लघु सचिवालय परिसर में मेवात से संबंधित जन शिकायतें सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि मेवात जिला किसी भी क्षेत्र में पीछे न रहे। यहां शिक्षा, रोजगार, उद्योग, कृषि व खेल जैसे क्षेत्रों का पूर्ण विकास हो। पुन्हाना को उप मंडल बनाने की वर्षों पुरानी मांग को सरकार ने अब पूरा करने का निर्णय लिया है, ताकि इस क्षेत्र के विकास में और तेजी आ सके। इस क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रयासरत है। इसी कड़ी में पुन्हाना में लड़कियों के लिए सरकारी कॉलेज खोला जा रहा है। इसी प्रकार वर्षों पुरानी इंडरी को उप तहसील बनाने की मांग को भी यहां के अवाम के विकास के लिए पूरा किया जा रहा है।
सीएम ने जिला मेवात के तावड़ू खंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा बढ़ाते हुए इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की घोषणा की। उन्होंने बिजली क्षेत्र में सुधार के लिए गांवों, कस्बों व शहरों में बिजली की पुरानी तारें बदलने, जरूरत के अनुसार नए ट्रांसफॉर्मर लगाने का लोगों को भरोसा दिया।
सचिवालय में खुलेगा सीएम विंडो
सीएम ने कहा कि मेवात के लोगों को अब अपनी समस्याओं व शिकायतों के समाधान के लिए मंत्रियों व चंडीगढ़ में अधिकारियों के पास जाने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि सभी जन शिकायतें लघु सचिवालय में सीएम विंडो पर प्राप्त की जाएंगी। उनका शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने मेवात के लोगों से भाईचारे व सद्भाव के साथ रहने की अपील की।
इसके बाद सीएम ने लघु सचिवालय परिसर में जनता की समस्याओं के लिए खुला दरबार लगाया। इसमें कुल 224 शिकायतें आईं। उन्होंने सभी शिकायतों के समाधान के लिए मौके पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, पुलिस महानिरीक्षक ममता सिंह, डीसी अशोक सांगवान, पुलिस अधीक्षक बलवान सिंह राणा, अतिरिक्त उपायुक्त अंजू चौधरी सहित कई भाजपा नेता व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
तावडू को उपमंडल बनाने की मांग
वकीलों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नूंह मेवात में प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के आगमन पर उन्हें एक ज्ञापन देकर उपमंडल का दर्जा दिए जाने की मांग की। जिस पर मुख्यमंत्री ने जल्द घोषणा का आश्वासन दिया। एडवोकेट एनएस टोकस, रमजान चौधरी, अब्दुल करीम, आनंद, चौधरी हरीश कुमार, केआर अमन, मोहम्मद युनुस व कैलाश आदि वकीलों ने बुधवार को मुख्यमंत्री के मेवात आगमन पर तावडू को सब डिविजन बनाने के लिए एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नूंह पहाड़ी में जाम की समस्या व सरकारी मुलाजिमों की परेशानी को कारण बताया।