गुड़गांव। सीजन की पहली ठंड और हल्की बूंदाबांदी ने राहगीरी की गर्माहट को और बढ़ा दिया। सुबह सात बजे से आयोजित होने वाले राहगीरी कार्यक्रम में इस बार भीड़भाड़ काफी रही, जिससे राहगीरी की रौनक और बढ़ गई। हालांकि राहगीरी में योगा आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं होने से कुछ लोगों को निराशा हाथ लगी। शनिवार से शुरू हुई बूंदाबांदी रविवार सुबह तक जारी रहने और ठंड के बीच राहगीरी कार्यक्रम में लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ।
बूंदाबांदी और कोहरे के कारण कुछ लोग घरों ने नहीं निकले लेकिन स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने वाले लोग राहगीरी में दौड़ते दिखाई दिए। सुबह सात बजे से शुरू होने वाली राहगीरी में करीब साढ़े आठ बजे लोग एकत्रित हो गए और खूब चहल-पहल दिखाई दी। सुशांतलोक स्थित व्यापार केंद्र की तरफ युवा टोली बनाकर अभ्यास करते दिखाई दिए।
अधिकतर भीड़ डांस फ्लोर के आसपास ही दिखाई दी, जहां पर लोग डांस करते रहे या फिर डांस करने वालों को देखने भी पहुंचे। राहगीरी में इस बार साइकिल की काफी डिमांड रही, क्योंकि लोगों को ठंड से राहत पाने के लिए वॉकिंग या साइकलिंग करनी पड़ रही थी, जिससे साइकिल स्टॉल पर काफी भीड़ रही।
पुलिस दिखी सतर्क
गत रविवार की राहगीरी कार्यक्रम के दौरान बदइंतजामी को देखते हुए इस बार ट्रैफिक पुलिस सतर्क नजर आई। गत सप्ताह राहगीरी के दौरान कुछ वाहन चालकों द्वारा अपने वाहनों को राहगीरी के ट्रैक में घुसा देने से राहगीरी में शामिल खासकर महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ी थी। राहगीरी ट्रैक पर गाड़ियों को रोकने के लिए पीसीआर को तैनात कर दी गई। हालांकि इस बार राहगीरी 12 बजे तक नहीं हो पाई।