पटौदी. हेलीमंडी नगर पालिका में मंगलवार को अवैध कब्जों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर आला अधिकारी भी मौजूद रहे। नपा अध्यक्ष की मानें तो हेलीमंडी में अब लगातार अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इस दौरान हेलीमंडी तथा जाटौली में लोग पुलिसबल तथा अधिकारियों के साथ लड़ते भी दिखे। इस दौरान नायब तहसीलदार मोहनलाल गुप्ता की अगुवाई में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
जाटौली वार्ड-11 में अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान घरों के सामने बने चबूतरों तथा छोटे-छोटे मकानों को तोड़ा गया। बताया जाता है कि इन अवैध कब्जों को साफ करने के लिए कई वर्षों से नपा अधिकारियों को शिकायत की जा रही थी। इसके बाद कब्जा हटाने के लिए हेलीमंडी छोटी बाजारी में अतिक्रमण हटाओ दस्ता पहुंचा, जहां व्यापारियों ने अधिकारियों को समझाने की कोशिश की। लेकिन उनकी एक नहीं चली। इस दौरान कुछ लोग स्वयं ही अवैध कब्जों को साफ करते दिखे।
आगे भी होगी कार्रवाई
इस संबंध में नपा अध्यक्ष रीतू यादव का कहना है कि अवैध कब्जों और अतिक्रमण साफ करने के लिए तोड़-फोड़ की कार्रवाई चलती रहेगी।
ये अधिकारी मौके पर थे मौजूद
मंगलवार को हेलीमंडी में अतिक्रमण तथा अवैध कब्जे हटाओ दस्ते के साथ नायब तहसीलदार मोहनलाल गुप्ता, नपा सचिव सुमनलता, नपा अध्यक्ष रीतू यादव, नपा जेई संजय उप्पल, एमई नरेंद्र तनेजा, भवन इंस्पेक्टर मनोज सिवाच सहित हेलीमंडी पुलिस चौकी का पूरा स्टाफ मौके पर मौजूद था।
गुड़गांव-पटौदी. हेलीमंडी में अतिक्रमण हटाती नगर पालिका की जेसीबी।