पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

निकाले गए श्रमिकों की वापसी के लिए निकाला जुलूस, सौंपा ज्ञापन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गुड़गांव। विभिन्न कंपनियों से निकाले गए श्रमिकों की वापसी के लिए श्रमिक संगठनों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। श्रमिकों ने कमला नेहरू पार्क से मोर चौक होते हुए लघु सचिवालय तक जुलूस निकाला। लघु सचिवालय पहुंच कर डीसी के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। प्रदर्शन में श्रमिक नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं तो वे बड़ा प्रदर्शन करेंगे। एसडीएम वत्सल वशिष्ठ ने उनकी बातों को डीसी तक पहुंचाने और विवादों को जल्द सुलझाने का भरोसा दिलाया।
एटक व इससे जुड़ी यूनियनों के सदस्य सुबह कमला नेहरू पार्क में इकट्ठे हुए। यहां बैठक कर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की। बैठक में भारी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया। एटक के प्रधान सुरेश गौड़, महासचिव अनिल पंवार, मुरली कुमार ने जेएनएस, जय ऑटो व जययूसीन में चल रहे श्रम विवादों की जानकारी दी। नेताओं ने बताया कि गुड़गांव में श्रम अशांति का माहौल है। कंपनियों में प्रबंधन की हठधर्मिता के कारण श्रमिकों का शोषण हो रहा है। कंपनियों में श्रमिकों को बेवजह निकाला जा रहा है। श्रम विभाग भी श्रमिकों को न्याय नहीं दिला पा रहा है, जिससे श्रमिकों में रोष व्याप्त होता जा रहा है।

इस दौरान श्रमिक नेताओं ने प्रस्ताव पारित किया कि यदि शीघ्र ही उक्त कंपनियों के श्रमिकों को न्याय नहीं मिला तो वे बड़ा आंदोलन शुरू कर देंगे। जनसभा के बाद श्रमिकों ने हाथों में बैनर लेकर कंपनी प्रबंधनों, जिला प्रशासन तथा प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शहर में जुलूस निकाला। कमला नेहरू पार्क से मौर चौक होते हुए लघु सचिवालय पर जुलूस निकाला। सचिवालय पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने डीसी के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई है कि कंपनी प्रबंधन त्रिपक्षीय समझौते को तुरंत लागू करे। श्रमिकों को नियुक्ति पत्र, आई कार्ड, सेलरी स्लिप, पीएफ स्लिप आदि दिलाई जाए। जिन श्रमिकों को जबरन बर्खास्त व निलंबित किया हुआ है, उन्हें काम पर वापिस लिया जाए। इस अवसर पर श्रमिक नेता नवराज दहल, रामनिवास, सुरेश यादव, अल्का चौहान, इंदू, योगेश, अशोक कुमार सहित कई श्रमिक नेता शामिल थे।
(फोटो- विभिन्न कंपनियों में निकाले गए श्रमिकों की वापसी के लिए विरोध प्रदर्शन करते हुए।)