पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मल्टीलेवल पार्किंग पर निर्माण से पहले रोक, आवश्यकता पर उठाए सवाल

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गुड़गांव। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के फाइनेंस कमिश्नर पी राघवेंद्र राव ने सेक्टर-29 में मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण पर रोक लगा दी है। उन्होंने इस संबंध में विशेष स्टडी करने का सुझाव दिया है। इसके साथ ही उन्होंने सेक्टर में मल्टीलेवल पार्किंग की जरूरत पर सवाल उठाया है। वह हुडा मुख्य प्रशासक बिजेंद्र सिंह के साथ शनिवार को गुड़गांव दौरे पर आए थे। दोनों अधिकारियों ने स्थानीय हुडा अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजनाओं की समीक्षा की।
मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण के लिए 60 करोड़ का टेंडर, लगी रोक: सेक्टर-29 में मल्टीलेवल पार्किंग का प्रस्ताव पांच साल से लंबित था। यहां 4.2 एकड़ जमीन पर 1200 वाहनों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग बनाने के लिए हुडा द्वारा 60 करोड़ रुपए की कार्य योजना तैयार की गई थी। फाइनेंस कमिश्नर पी राघवेंद्र राव ने स्पष्ट किया कि सेक्टर में मल्टीलेवल पार्किंग की जरूरत ही नहीं है।
इससे आर्थिक नुकसान के साथ-साथ समय भी बर्बाद होगा। इस परियोजना को तब शुरू किया जाए जब यहां पर इसकी विशेष आवश्यकता हो। उन्होंने इस मल्टीलेवल पार्किंग की जरूरत पर विस्तार से अध्ययन करने के आदेश दिए। बैठक में गुड़गांव हुडा प्रशासक अनीता यादव, एस्टेट ऑफिसर-1 मुनीष, एस्टेट ऑफिसर-2 अरुण कुमार, एसई एके माकन, एके गुप्ता, एक्सईएन वीके श्योकंद समेत कई मौजूद थे।

एफसी और हुडा मुख्य प्रशासक ने एनपीआर का किया दौरा: फाइनेंस कमिश्नर पी राघवेंद्र राव और हुडा मुख्य प्रशासक बिजेंद्र सिंह ने एनपीआर के निर्माण में बाधा बने स्थानों का दौरा कर अधिकारियों से जानकारी ली। हुडा मुख्य प्रशासक ने कहा कि बजघेड़ा रोड पर ओवरब्रिज बनाने के लिए वे स्वयं रेलवे के उच्चाधिकारियों से बात करेंगे। इसके बाद एनपीआर के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।
छोटे-छोटे पार्कों में पानी करें रिसाइकल

सेक्टर-29 के जिमखाना क्लब में स्थानीय अधिकारियों की बैठक लेते हुए फाइनेंस कमिश्नर पी राघवेंद्र राव ने कहा कि गुड़गांव में बहरामपुर और धनवापुर में पानी को रिसाइकल करने के लिए योजना शुरू होने वाली है। यदि शहर के अंदर छोटे-छोटे पार्कों में रिसाइकल की जाए तो इसका फायदा लोगों को मिलेगा। इसमें पैसे कम खर्च होंगे और सप्लाई के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। इसे कितना बेहतर बनाया जा सके, इन पर इंजीनियरिंग ब्रांच को अध्ययन करने के लिए कहा है।