गुड़गांव। शहर में बेशक जिला प्रशासन के निर्मल भारत अभियान व नगर निगम के स्वच्छ भारत सप्ताह मनाया जा रहा है, लेकिन शहर को गंदगी से निजात नहीं मिल पाई है। नगर निगम अधिकारी इस सप्ताह के तहत केवल औपचारिकता पूरी कर रहे हैं। मेन सड़कों पर झाडू लगाकर फोटो खिंचवाने की होड़ लगी है। जबकि कई पॉश सेक्टरों में गंदगी देखी जा सकती है। इसके अलावा सेक्टर-15 पार्ट वन में पत्तों को भारी मात्रा में जलाया गया, जिससे दिनभर पूरे सेक्टर में धुआं फैला रहा। वहीं बादशाहपुर कस्बे में अभी तक स्वच्छ सप्ताह का असर दिखाई नहीं दिया और नाले में गंदगी फैली हुई है।
स्वच्छ भारत सप्ताह कार्यक्रम के तहत सोमवार को गुडग़ांव में ‘ऑल टॉयलेट सेनिटेशन डे’के रूप में मनाया गया। एक ओर जहां विभिन्न स्कूलों सहित अन्य जगहों के टॉयलेट साफ किए गए, वहीं नगर निगम की सफाई विंग द्वारा नालियों, जोहड़ व सडक़ों की सफाई की गई। नगर निगम के चीफ सेनिटेशन इंस्पेक्टर अनिल के नेतृत्व में निगम के सफाई कर्मचारियों ने गांव समसपुर के जोहड़ में कचरे को साफ किया।
इसके अलावा, बादशाहपुर नाले की भी सफाई की गई। साथ ही कर्मचारियों ने कादरपुर रोड, बादशाहपुर मेन रोड तथा साउथ सिटी-1 सहित अन्य स्थानों पर महा सफाई अभियान चलाया। दूसरी ओर राजकीय विद्यालय गाड़ोली, कादीपुर, भीमनगर, गुडग़ांव गांव तथा जैकमपुरा में विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए लघु फिल्म दिखाई गई। प्रयत्न, क्लीन गुडग़ांव, जाफरा आदि विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाएं भी इस अभियान में अपना पूर्ण सहयोग दे रही हैं। क्लीन गुडग़ांव की प्रतिनिधि रुचिका सेठी ने आज विभिन्न स्कूलों में विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। स्लम एरिया में भी लोगों को सफाई के लिए प्रेरित किया गया। प्रयत्न एनजीओ के परनीत तथा क्लीन गुडग़ांव के एनबी नायर द्वारा भी विभिन्न जगहों पर जाकर लोगों को साफ-सफाई रखने का संदेश दिया गया।
वहीं जिला प्रशासन की ओर से डीआरडीए के तहत पटौदी ब्लॉक के गांव गदाईपुर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत लोगों को टॉयलेट का इस्तेमाल करने के लिए मॉटिवेट किया गया और खुले में शौच नहीं जाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उषा रानी सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी व आचार्य प्रवीन शास्त्री ने लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया।